संदेश

लिपि भाषा की आत्मा होती है।‌।

 अंतर्राष्ट्रीय हिंदी दिवस की अनंत शुभकामनाएँ।  विभाजन के बाद से ही हिंदी भाषा पर विवाद होता आया है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि हिंदी का स्वरूप समग्र है अथवा संकीर्ण ! सबसे पहले जो हम खड़ी बोली को हिंदी कहते हैं, वह पूरी तरह से सही नहीं है, क्योंकि, हम यह स्वयं देख सकते हैं कि "खड़ी बोली" में भी "बोली" नामक शब्द का प्रयोग है और इसका क्षेत्र भी मुख्य रूप से दिल्ली इत्यादि है।  दूसरी बात भाषा की आत्मा लिपि है। इसका कारण यह है कि हिंदी साहित्य का इतिहास अध्ययन करते समय हम उन साहित्यकारों को पढ़ते हैं, जिनकी कृति उनकी क्षेत्रीय भाषा में है । ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने जिस लिपि का प्रयोग किया वह कमोबेश एक ही थी देवनागरी। उदाहरण के लिए हम विद्यापति, सूरदास, तुलसीदास को देख सकते हैं जो क्रमशः मैथिली, ब्रजभाषा और अवधी भाषा में रचनाएँ करते थे।  एक और बात गौर करने वाली है कि हिंदी शब्द- समूह को चार वर्गों में बांटा गया है। तत्सम, तद्भव, देशज और विदेशज।। इनमें देशज शब्दों का जो वर्ग है उसी में ये क्षेत्रीय भाषा के शब्द होते हैं। उदाहरणार्थ - "लक्ष्मण" शब्द का ...

भिखमंगे की जात

 क्या ! भिखमंगे की भी होती है जात  ऐसा कहा गया है हिंदी साहित्य के  एक प्रसिद्ध उपन्यास में  प्रकाशन वर्ष है जिसका  1936(१९३६) अगर हॉं  भिखमंगे की भी होती है जात  तो वह जात है कितनी बड़ी  जो दिख जाती है हमें  ट्रेन के डिब्बों में , रेलवे - स्टेशनों और मंदिरों के बाहर  चौक-चौराहों, फुटपाथ और सड़क पर  सच में  भिखमंगे की जात है इतनी बड़ी  जो एक "धर्म" का रूप लेकर  फैली है पूरे एशिया और यूरोप  के कुछ हिस्सों में  जिसके भगवान् ने भी किया था "भिक्षाटन" उनके अनुयायियों को भी कहा जाता है  "भिक्षुक" ।  "भिक्षुक" शीर्षक से ही  "महाप्राण" ने रची थी एक प्रसिद्ध कविता  प्राचीन गुरुकुल में हर शिष्य  निभाते थे "भिक्षुक" की भूमिका  वो भिखमंगे की जात  है इतनी प्रभावशाली  जिस पर चलाया जा रहा है एक "वाद"  "जातिवाद" शब्द के होते हुए भी  और उसे बताया जा रहा है  धर्म का शोषक  शिक्षा का खलनायक  और समाज का शत्रु  पता है उस भिखमंगे की जात को  संस्कृत में कहते...

विग्रह और विसर्जन

विजयादशमी और दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं  भारतीय धार्मिक शास्त्रों में " विग्रह" उस देवी या देव की "प्रतिमा" को कहा जाता है, जिसमें प्राण-प्रतिष्ठा की जाती है। मूर्ति और प्रतिमा में अंतर होता है।  मूर्ति यानी मूर्त रूप । इसमें यथार्थवादी दृष्टिकोण का उपयोग होता है। चाहे वो किसी व्यक्ति या जानवर , वस्तु का ही क्यों ना हो , लेकिन , प्रतिमा विशेष रूप से धार्मिक भावना से प्रेरित देवी-देवता या किसी व्यक्ति की प्रतिकृति होती है, जिसे पूजा या ध्यान के लिए उपयोग किया जाता है। इसके निर्माण में शिल्पी अपनी कल्पना का उपयोग करता है। हर प्रतिमा मूर्ति हो सकती है, लेकिन, हर मूर्ति प्रतिमा नहीं हो सकती।  विज्ञान जिसे "ऊर्जा " कहता है, भारतीय सनातन संस्कृति में उसे ही "शक्ति" कहा जाता है। अंततः "ऊर्जा "शक्ति" के रूप ही में स्थानांतरित, परिवर्तित या प्रकट होती है। इसीलिए "अदृश्य शक्ति"अलौकिक शक्ति " जैसे शब्दों का प्रयोग भी किया जाता है। "शक्ति" से ही "सृजन" अथवा "सर्जन" यानी उत्पत्ति संभव है। उत्पत्ति का ...

खतरे में कौन है! (कविता)

खतरे में  नहीं है हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान  और ना ही  लोकतंत्र और संविधान  खतरे में है  वो लिपि और उससे संबंधित  वो बोली और भाषा  जिसे लोग लिखने और बोलने में  करते हैं संकोच  स्वयं को अभिजात दिखाने के फेर में  खतरे में है  वो सभ्यता और संस्कृति  जिसके अनुयायी पूरे विश्व में  हो चुके हैं अल्पसंख्यक  बढ़ती सांप्रदायिकता और  घटती सहिष्णुता के कारण  खतरे में है  वो राष्ट्र  जिसके नागरिक  वर्चस्व के युद्ध की विभीषिका के कारण  बन चुके हैं शरणार्थी  खतरे में है  हर वो प्राणी और प्राकृतिक तत्व जिसे उसके ही मूल स्थान पर  बना दिया गया है दोयम दर्जे का  दरअसल,  खतरे में केवल वह ही नहीं है  जिसे लोग देखना नहीं चाहते  खतरे में वह भी है  जिसे लोग देखकर भी  कर देते हैं अनदेखी                               २.वर्ग उच्च वर्ग  करता है सुविधाओं का भोग । निम्न वर्ग  उठाता है य...

शिशु मनुष्य का सबसे सुंदरतम रूप है

 शिशु मनुष्य का सबसे सुंदरतम रूप है। प्रकृति के अनुसार मानव अपने जीवन-काल में शिशु, किशोर, युवा ,व्यस्क और वृद्ध के रूप में जीता है। इन सब रूपों में शिशु मनुष्य का सबसे सुंदर रूप है।  सूक्ति है - बच्चे मन के सच्चे। प्रायः "अबोध बालक" का प्रयोग भी लिखने और बोलने में होता है। "बालक" का "अबोध" होना "हार्दिक" होना है ,नाकि, "बौद्धिक " होना । वह अबोध है , इसीलिए, निष्कपट है , निश्छल है ,नि:स्वार्थ है, निष्कलंक है।   यह सब इसलिए है, क्योंकि, शिशु में "हृदय" की प्रधानता होती है,नाकि,"बुद्धि" की । "हृदय"भावनाओं का घर है। जब तक मनुष्य बालरूप में रहता है , उसकी भावनाएं पवित्र होती है,जब मानव इस रूप का त्याग कर देता है और वह "बौद्धिक" होने लगता है,तो, उसमें " विचार" के साथ "विकार" की भी उत्पत्ति होती है, जो उसके भावनाओं को भी मलिन कर देता है।  बच्चे सात्विक गुण से युक्त होते हैं। यही कारण है कि उनकी नग्नता में भी लोगों को सौंदर्य का दर्शन होता है,नाकि, कामुकता का भाव आता है।  इस नग्नता को...

यात्रा-संस्मरण , पटना

 प्रिय पाटलिपुत्र,  मैंने तुम्हारी गोद में आखिरी रात आज से ठीक छ: वर्ष पहले गुज़ारी थी । आज पुनः कई दिनों के बाद मेरे जीवन में यह समय आया है। मैं तुम्हारी ऐतिहासिकता पर कोई प्रकाश नहीं डालूंगा और ना ही कोई भौगोलिक संरचना की व्याख्या करूंगा, मैं कहूंगा सिर्फ अपनी भावना ,तुम्हारे प्रति जो वर्षों से मेरे भीतर कैद है,किसी पंछी की तरह ।  तुम मेरे लिए केवल एक शहर मात्र नहीं हो , मैं तुम्हें अपनी कर्मभूमि मानता हूं, शायद इसीलिए, क्योंकि , तुमने मेरी प्रतिभा और कला से मुझे बहुत जल्द परिचय कराया। दर्जनों मैगजीन तथा रोज तीन से चार हिंदी अखबार पढ़ना और प्रबुद्ध शिक्षकों के व्यक्तित्व को समीप से देखना यह सब तुम्हारी भूमि पर ही संभव हो पाया । यही कारण है कि मेरी पहली कविता तुम्हारी भूमि पर ही सृजित हुई ।  जैसे-जैसे रात्रि बीतती गई, पुराने पल मुझे अपनी ओर खींचते चले गए। तुम्हारी भूमि पर मुझे दिन से ज्यादा रात अच्छी लगती है। तुम दिन में बहुत व्यस्त रहते हो , बिल्कुल प्रोफेशनल अवतार में। उस व्यस्तता में खो जाता है,तुम्हारा आकर्षण । लेकिन, रात्रि में तुम चमकते हो , जगमगाते हो , जैसे ...

नवागंतुक - समारोह (2023)

 कुछ चेहरों की नाराज़गी से दर्पण नहीं मरा करता है।--नीरज।  विगत पांच वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हिंदी विभाग (ल०ना०मि०वि०) में 29 मई को आयोजित नवागंतुक - समारोह (फ्रेशर पार्टी) पर "गोपालदास नीरज" की यह पंक्ति सटीक बैठती है।  कभी तिथि की खींचतान तो कभी व्यक्तिगत मतभेद और मनभेद के बीच आखिरकार सत्र (2021-23) के सहयोगी छात्र-छात्राओं ने नवागंतुक - समारोह की परंपरा का पुनः आरंभ और सफलतापूर्वक संपन्न किया ।  वास्तव में सच लिखना ज़रूरी है, ताकि लोग यथार्थ से परिचित हो सके ।  सत्र (2021-23) के अधिकांश छात्र-छात्राएं इस समारोह के पक्ष में रहे । विपक्ष में जो थे ,उनकी संख्या नगण्य थी । दरअसल, हिंदी विभाग (ल०ना०मि०वि०) विगत कुछ वर्षों से विवादों से ग्रसित रहा है। ऐसे में यहां फ्रेशर पार्टी और फेयरवेल का आयोजन कुछ वर्षों से बंद था । शायद , इच्छाशक्ति की कमी थी छात्रों में । जब, पिछले महीने हिंदी विभाग के द्वारा अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी हुई , उसने मुझ पर प्रभाव डाला कि ऐसे पहल से घनिष्ठता बनी रहती है। बस , वहीं से इस समारोह के विचार का बीजारोपण हुआ । मैंने अपने ही बैच के प्रि...

द केरला स्टोरी

 नमस्कार, प्रणाम चर्चा है कि " द केरला स्टोरी" एक प्रोपेगंडा के तहत बनायी गई फिल्म है। चुनाव के दौरान इसे क्यों रिलीज किया गया? धर्मांतरण की संख्या पर बहस होने लगी है। फिल्म को बंगाल और तमिलनाडु में बैन और मध्यप्रदेश, संभवतः यूपी समेत एक - दो राज्यों में टैक्स फ्री भी किया गया है। इस फिल्म ने अब तक सौ करोड़ से ज्यादा से ज्यादा कलेक्शन कर लिया है,जोकि लागत से लगभग दो गुना है।  चुनाव के दौरान रिलीज करने से किसे फायदा हुआ? बीजेपी को जो चुनाव हार गई, या फिर कांग्रेस को जो चुनाव जीत गई। राजनीति का उद्देश्य समाज से जुड़ा हुआ है और कला का उद्देश्य जीवन से। तो,जब किसी के भी जीवन की अभिव्यक्ति कला के माध्यम से होगी,तो स्वाभाविक है कि उसका प्रभाव समाज पर पड़ेगा। जब समाज प्रभावित होगा तो राजनीति भी प्रभावित होगी  । इसमें चुनाव कहां से आया, मुझे यह समझ में नहीं आता!  धर्मांतरण की संख्या पर बहस! शर्म आनी चाहिए। कहां गए अभी स्त्री- विमर्श वाले? कहां गए अभी वो संपादक, साहित्यकार जो स्त्रियों के बारे में बुद्धिपरक कविताएं और लेख लिखकर, ढोंग करते हैं। वो ये तो कहते हैं कि साड़ी पहनना...

संगोष्ठी - संस्मरण

 उसकी मौजूदगी से हमारी अलग शान रहती है। वो रहती हैं तो महफ़िल में जान रहती है।। हम हैं उनके एहसानमंद यह समझ कर भी । एक लड़की है जो मुझसे अंजान रहती है।। दिनांक 11-12 अप्रैल,दिन मंगलवार और बुधवार,साल 2023 । स्थान- जुबली हॉल, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, नरगौना परिसर, दरभंगा । दो दिवसीय समारोह और एक यादगार संगोष्ठी। बहुतों के लिए अकादमिक सत्र की अंतिम तो कइयों के लिए प्रथम संगोष्ठी रही । विषय था भारतीय राष्ट्रीय -सांस्कृतिक आंदोलन और हिंदी साहित्य।  पहला दिन उच्च पदाधिकारियों की चमक- धमक से गुलजार हुआ तो दूसरा दिन शोधार्थियों, विद्यार्थियों और नवनियुक्त आचार्यों से लबरेज़ रहा ।  मंच की सजावट और रंगोली ने एक अलग ही आकर्षण बनाए रखा ।  संगोष्ठी की शुरुआत मैथिली लोकगीत "मंगलमय दिन आजु हे,पाहुन (अतिथि) छथि आयल " से हुई। यह गीत सुनते ही मैं भावविभोर हो जाता हूॅं। इसकी प्रस्तुति चतुर्थ छमाही की छात्रा स्नेहा मिश्र , अंशु झा और द्वितीय छमाही की छात्रा अपर्णा झा सहित अन्य छात्राओं ने दी । फिर,बारी - बारी से मंच पर विद्यमान कुलपति सहित उच्च पदाधिकारियों का पाग,दोपटा संग उनक...

हैप्पी वेलेंटाइन

 हैप्पी वेलेंटाइन, पाश्चात्य जगत् । आज पूरी दुनिया में धूम है वेलेंटाइन डे की । तुमको विशेष शुभकामनाएं, पाश्चात्य परंपरा। तुम आज के समय में बहुत व्यापक हो ,व्याप्त हो ।  तुम व्यापक और व्याप्त इसीलिए भी हो क्योंकि,तुम "बाजार" से जुड़े हुए हो । तुम "बाजारू" हो और "बिकाऊ" हो । चाहे तुम्हारा मुख्य पर्व "क्रिसमस " ही क्यों ना हो । तुम "कृत्रिम वस्तु" से ही प्रदर्शित होते हो , भावनाओं से नहीं । तुम "कृत्रिम वस्तु" से प्रदर्शित होते हो , इसीलिए "बिकाऊ" हो । तुम इसीलिए व्यापक और व्याप्त हो , क्योंकि,तुम "संपन्न " और शिक्षित लोगों द्वारा अनुकरणीय हो ।  लेकिन, क्या तुम्हें पता है केवल एक ऐसा देश है, जहां तुम्हारे इस वेलेंटाइन डे का विरोध हो रहा है,और वो वहीं भूमि है, जहां तुम्हारी परंपरा की एक भाषा (अंग्रेजी) को बोलना तो "मॉडर्न" और "वेल एडुकेटेड" होना माना जाता है , तुम्हारे जगत् में रहना अमीर होने की निशानी मानी जाती है,लेकिन , तुम्हारी परंपरा को लेकर विरोध किया जाता है, ऐसा क्यों?  पता है,यह ब...

नरगौना

 प्रिय नरगौना , ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय,दरभंगा  दो बजकर तीस मिनट हो रहे हैं,दोपहर के । रविवार (पूर्णिमा) का दिन है। माघ (फरवरी)का महीना है। मैं तुम्हारे प्रांगण में हिंदी विभाग के ठीक सामने धूप में "हरी घास पर क्षण भर" के लिए बैठा हूॅं,यह सोच कर कि आज तुम्हारे बारे में, तुम से कुछ बात कहनी है।  अक्सर, मैं तुम तक "देर" से आता हूं और "देर" तक रहता हूॅं।तो, एक पत्र तुम्हारे नाम। तुम ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की "आत्मा" हो और पूरा विश्वविद्यालय तुम्हारा शरीर। तुम विश्वविद्यालय की "आत्मा" इस मायने में हो कि तुम्हारे अंदर ही विश्वविद्यालय के "परमेश्वर" का निवास-स्थान है। तुम "आत्मा" हो शायद,यही कारण है कि तुम्हारा रंग श्वेत है । श्वेत रंग मानवीय - संस्कृति में निश्छलता का ,सादगी का और सकारात्मकता का प्रतीक है।  तुम एक प्रांगण का भी नाम हो और एक पूरे भवन का भी। तुम्हारे भवन में पूरा विभाग "कला" का ही है , जिसमें हिंदी विभाग भी है, जहां मेरे जैसे तुम्हारे अनेक दीवाने पढ़ते हैं। दीवाने इस मायने में ...

सिनेमा और साहित्य

 कला एक अभिव्यक्ति है और कौशल उसे समुचित ढंग से प्रस्तुत करने का तरीका या माध्यम । इन दिनों यशराज बैनर की फिल्म "पठान" चर्चा में है। चाहे वो नाम को लेकर हो या फिर अंत: वस्त्र को लेकर या कमाई को लेकर । लेकिन, हमें इस बात को समझना होगा कि कला का प्रसार विरोध और समर्थन के बाद और भी ज्यादा तीव्र हो उठता है।  सबसे पहले हमें यह समझना होगा कि फिल्म क्या है? तो, फिल्म वस्तुत: नाटक का ही आधुनिक रूप है। नाटक साहित्य की एक विधा है। साहित्य क्या है,वह पिछले लेख में मैंने बता दिया है।  अब, ज़ाहिर है कि यह सब साहित्य का एक अंग है तो उसमें कल्पना का भी मिश्रण होगा । बग़ैर कल्पना के साहित्य नीरस हो जाएगा और मनोरंजक भी नहीं रहेगा । जिसे हम आज के समय में अभिनेता और अभिनेत्री कहते हैं,वो तो पहले के दिनों में नट और नटी कहे जाते थे। नाटक शब्द का संबंध बहुत हद संभव है कि इन दोनों शब्दों से रहा हो । शायद, बहुत लोगों को पता भी है कि नहीं,कि पहली फिल्म भारत की "हरिश्चंद्र" या बोलती फिल्म "आलम आरा" में बहुत ही संख्या में किन्नरों और वैश्याओं ने काम किया था। इसके पीछे कारण यह है कि ...

हिंदी - साहित्य के नाम पत्र

  प्रिय हिंदी साहित्य, आज पहली बार मैं तुम्हारे नाम कोई पत्र लिख रहा हूं। इस पत्र के माध्यम से मैं तुम्हें बता रहा हूं अपनी पीड़ा,अपना हर्ष,अपनी संवेदनाएं,अपनी खीझ,अपनी झुंझलाहट। मुझे उम्मीद है कि तुम इसे भी कर लोगे समाहित अपने भीतर, आखिर,सहित होने का भाव जो साहित्य है। (सहित्यस्य भाव: साहित्यं) जब-जब मैं गौर करता हूं तुम्हारी यात्रा पर,तो मिलती है मुझे प्रेरणा। तुम पहले थे मनोरंजन का माध्यम। तुम पहले घिरे रहे स्त्रियों के शरीर से, व्यक्तित्व से नहीं। राजाओं के गुणगान से , कला पक्ष से,भाव पक्ष से नहीं। तुम पहले करते थे निवास राजमहलों में, तुम्हारे साधक(साहित्यकार) भी । तुम्हारा संबंध रहा है वस्तुत: हृदय से। तुम्हारा आरंभ  भी भावनाओं से होता है और अंत भी । यही कारण है कि तुम्हारे भीतर हुआ परिवर्तन जब , तुम्हारे साधक की भावनाएं बदलीं । तुम हुए मुक्त,राजमहलों से, प्रशस्ति गायन से, स्त्रियों के नख-शिख वर्णन से , लोभ से , कला पक्ष से ।  लेकिन,जब तुम जुड़े जनता और समाज से , सत्ता हो गई तुम्हारी दुश्मन। तुम्हारे साधकों को दी जाने लगी यातनाएं। तुम्हें जलाया जाने लगा, तुम्हें कल्प...

यात्रा -संस्मरण , बंग - यात्रा

         बंग-यात्रा नये साल के जश्न में मैं भी खुद को डुबोया हूॅं । मैं हूॅं मिथिला का,और,बंग-भूमि पर खोया हूॅं ।। स्त्रियों की है सक्रियता बहुत चैतन्य के राज्य में । मुझे स्वप्न आया कि मैं टैगोर की गोद में सोया हूॅं ।। मुख्य शृंगार है काजल बंगाल की बालाओं का । बड़े स्नेह से उन ऑंखों को स्मृति में संजोया हूॅं ।। श्रेयांश शिवम् पिछले वर्ष इसी दो जनवरी को बंग - यात्रा से वापस मिथिला को लौटा था । यह एक अविस्मरणीय यात्रा है मेरी जिंदगी में। इस यात्रा में मैं अकेला नहीं था । सबसे पहले इस यात्रा के भागीदार और साझेदार बनें , मेरे पिताजी । जनकवि नागार्जुन के साहित्यकार- पुत्र शोभाकांत मिश्र के शब्दों में कहें तो " मेरे बाबूजी " । उनके बिना सबकुछ मेरा जीवन " दिशाहीन " है । अपनी कुछ रचनाएं "हिंदी मेला " के वरिष्ठ संयोजक संजय सर को भेजने के बाद उनकी प्रतिक्रिया कुछ ऐसी थी कि " यदि आप आएंगे,तो हम मौका देंगें , युवा काव्य उत्सव में , स्वयं की रचना का पाठ करने के लिए । " मैंने यह बात बाबूजी से कही । बिना किसी हिचकिचाहट के उन्होंने जाने के लिए हामी भर दी । टिकट...

पद्मावत

  """पद्मावत"""""मौलिक लेख   तन चितउर मन राजा कीन्हा। हिय सिंघल बुधि पद्मिनी चीन्हा।।        गुरु सूवा जेहि पंथ दिखावा। बिन गुरु जगत को निरगुन पावा।।        नागमती यह दुनिया धंधा। बाँचा सोइ न येहि चित बंधा।।        राघव दूत होइ सैतानू। माया अलादीन सुलतानू।। तन चितौड़ ही क्यों है?मन राजा ही क्यों है?हिय सिंघल और बुद्धि पद्मिनी कैसे है?तोता गुरु, दुनिया धंधा, राघव शैतान और माया अलाउद्दीन किस प्रकार है? तन चितौड़ इसीलिए है, क्योंकि वहां नागमती है । यानी वासना है । वह नहीं उसका शरीर जल रहा है "विरह" की "अग्नि" में। उसे बिछावन "विरह" में चुभ रहे हैं।  बारहमासा में यह जगह-जगह परिलक्षित होता दिखाई देता है। हृदय की सत्ता है, लेकिन गौण रूप में, मुख्य रूप से शरीर प्रधान है। मन राजा इसीलिए है, क्योंकि वह भटकता है अपनी इच्छाओं को पूर्ण करने के लिए। शास्त्रों में भी मन "भटकने" के लिए ही प्रसिद्ध है। मन को शास्त्र में "हिरण " के प्रतीकात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है। वनवास के दौरान सीता राम को "सोने का ...

पर्यावरण विमर्श

                       "पर्यावरण विमर्श" "अस्मिता" शब्द का प्रयोग पहली बार हिंदी साहित्य में "अज्ञेय" ने "आइडेंटिटी" के लिए किया था । "विमर्श"किसी विषय पर चिंतन करना और अन्य लोगों से उसी विषय पर तर्क-वितर्क करना है ।  "विमर्श" और "स्पर्श" का गहरा संबंध है ।  दरअसल, जो समाज और लोगों से अछूता रह जाता है , अस्पर्श रह जाता है , फिर,उसका जन्म "विमर्श" के रूप में होता है । उदाहरण:-दलित , किन्नर समाज में अछूते हैं । स्त्रियां महावारी के समय भक्ति से अछूती रहती है । लेकिन,बात जब "अस्मिता" की हो तो , यह बहुत गंभीर और मौलिक हो जाता है ।  आखिर, किसी के अस्तित्व पर विमर्श होना उसके प्रति गंभीर होने की ओर इशारा करता है ‌।  "पर्यावरण" की "अस्मिता" पर भी अब "विमर्श" होना यह दिखलाता है कि हम कैसे "विमर्श" के विषयों का विस्तार कर रहे हैं । हम यह जरूर कह सकते हैं कि"पर्यावरण" से "वातावरण" का निर्माण होता है । अगर पर्यावरण दूषित है तो वातावरण भी खराब ही होग...

राम का रामत्व

  """"राम का रामत्व""" किसी भी समाज के सभ्य या असभ्य होने में साहित्य का अहम योगदान होता है।वह इसीलिए,क्योंकि, साहित्य समाज की वो नींव है,जिस पर सभ्यता और संस्कृति आगे बढ़ते हैं। लेकिन,इसके बावजूद ज़रूरत होती है एक आदर्श की जो साहित्य हो सभ्यता हो या संस्कृति सब का प्रतिनिधित्व कर सके , यथार्थ के ज्यादा समीप हो । भारतीय समाज और साहित्य में उसी आदर्श का नाम है:---राम  राम का रामत्व व्यापक है। जिसका व्यक्तित्व व्यापक है लोगों की चेतना में जिसका व्यक्तित्व व्याप्त है अतीत, वर्तमान और भविष्य के मानस में वही आदर्श है। राम जन्म से लेकर मृत्यु तक आदर्श हैं। सनातन संस्कृति में शव के अर्थी को ले जाते हुए एक फकरा (कहावत) बोला जाता है कि "राम नाम सत्य है,सबकी यही गति है।"  यानी केवल राम नाम ही शाश्वत है बाकी सभी क्षणभंगुर । राम पीड़ा में भी आदर्श हैं। गॉंधी का "हे राम!" उस अथाह पीड़ादायक युग का एक चर्चित आदर्श रहा, जिसने,यह सिद्ध कर दिया कि महात्मा (महान् आत्मा)की पीड़ा भी राम से पृथक् नहीं है।  राम उद्घोष के रूप में आदर्श हैं "जय श्री र...

ग़ज़ल (रहा)

  पूछती है दुनिया मुझसे कि तू किस मोर्चे पर कामयाब रहा । नाकाम हूॅं बेशक मैं,मगर, मुझमें कामयाबी का ख्वाब रहा।। मेरी हॅंसी देखकर लोगों ने समझ लिया मुझे खुशमिजाज। किसी को क्या पता कि मिरे अंदर गमों का एक सैलाब रहा।। जो पहुॅंचेगा सब से देरी से अपनी तयशुदा मंजिल पर । वो मुसाफ़िर कह रहा कि सफर अब तक लाजवाब रहा।। बेरहमी से जिसने कर दिया प्रेमिका के जिस्म के टुकड़े। श्रद्धा की बेबसी के कारण बेफिक्र वो आफताब रहा। पहले स्त्री के जिस्म को जला उसे बनाया गया सती  फिर,चेहरे को झुलसा कर, सुर्खियों में तेजाब रहा ।। घुट-घुट कर पूछ रही स्त्री पुरुषवादी सभ्यता से । क्यों मुद्दतों से हमारे मुखड़े पर,घूंघट और हिजाब रहा ।।

आत्माभिव्यक्ति

 जैसे भाषा से भाव जैसे कला से प्रतिभा  जैसे संस्कृति से राष्ट्र  जैसे प्रकृति से संसार की होती है अभिव्यक्ति। ठीक वैसे तुमको मैं करता हूॅं, अभिव्यक्त बिल्कुल,आत्माभिव्यक्ति की तरह ।।

अनुभूति की तरह

 जैसे शरीर में होता है प्राण  जैसे होते हैं शब्द में अर्थ  जैसे होता है फूलों में सुगंध जैसे होता है नींदों में ख्वाब वैसे ही तुम रहोगी जीवन में अदृश्य, लेकिन एक अनुभूति की तरह । श्रेयांश शिवम्