भिखमंगे की जात
क्या !
भिखमंगे की भी होती है जात
ऐसा कहा गया है हिंदी साहित्य के
एक प्रसिद्ध उपन्यास में
प्रकाशन वर्ष है जिसका
1936(१९३६)
अगर हॉं
भिखमंगे की भी होती है जात
तो वह जात है कितनी बड़ी
जो दिख जाती है हमें
ट्रेन के डिब्बों में ,
रेलवे - स्टेशनों और मंदिरों के बाहर
चौक-चौराहों, फुटपाथ और सड़क पर
सच में
भिखमंगे की जात है इतनी बड़ी
जो एक "धर्म" का रूप लेकर
फैली है पूरे एशिया और यूरोप
के कुछ हिस्सों में
जिसके भगवान् ने भी किया था "भिक्षाटन"
उनके अनुयायियों को भी कहा जाता है
"भिक्षुक" ।
"भिक्षुक" शीर्षक से ही
"महाप्राण" ने रची थी एक प्रसिद्ध कविता
प्राचीन गुरुकुल में हर शिष्य
निभाते थे "भिक्षुक" की भूमिका
वो भिखमंगे की जात
है इतनी प्रभावशाली
जिस पर चलाया जा रहा है एक "वाद"
"जातिवाद" शब्द के होते हुए भी
और उसे बताया जा रहा है
धर्म का शोषक
शिक्षा का खलनायक
और समाज का शत्रु
पता है उस भिखमंगे की जात को
संस्कृत में कहते हैं "ब्राह्मण"
कबीर ने जिसे कहा है "बाभन"
और जिसे
अपशब्द भरे स्वर में कहा जाता है "बभना" ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें