पद्मावत
"""पद्मावत"""""मौलिक लेख
तन चितउर मन राजा कीन्हा। हिय सिंघल बुधि पद्मिनी चीन्हा।।
गुरु सूवा जेहि पंथ दिखावा। बिन गुरु जगत को निरगुन पावा।।
नागमती यह दुनिया धंधा। बाँचा सोइ न येहि चित बंधा।।
राघव दूत होइ सैतानू। माया अलादीन सुलतानू।।
तन चितौड़ ही क्यों है?मन राजा ही क्यों है?हिय सिंघल और बुद्धि पद्मिनी कैसे है?तोता गुरु, दुनिया धंधा, राघव शैतान और माया अलाउद्दीन किस प्रकार है?
तन चितौड़ इसीलिए है, क्योंकि वहां नागमती है । यानी वासना है । वह नहीं उसका शरीर जल रहा है "विरह" की "अग्नि" में। उसे बिछावन "विरह" में चुभ रहे हैं।
बारहमासा में यह जगह-जगह परिलक्षित होता दिखाई देता है। हृदय की सत्ता है, लेकिन गौण रूप में, मुख्य रूप से शरीर प्रधान है।
मन राजा इसीलिए है, क्योंकि वह भटकता है अपनी इच्छाओं को पूर्ण करने के लिए। शास्त्रों में भी मन "भटकने" के लिए ही प्रसिद्ध है। मन को शास्त्र में "हिरण " के प्रतीकात्मक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
वनवास के दौरान सीता राम को "सोने का हिरण" लाने के लिए ज़िद करती हैं।
कितनी आश्चर्य की बात है कि जो सीता तमाम भोग-विलास को ठुकराकर अपने पति संग वन जाती है, वह "स्वर्णमृग" के लिए लालायित हो जाती है। दरअसल, यह भी एक प्रतीक है कि मन जब-जब भटकता है वो हमें हमेशा अपने "प्रिय" से दूर ले जाता है। चाहे वह "प्रिय" रिश्ता हो, वस्तु हो, लक्ष्य हो या कोई मनुष्य।
सिंघल हृदय इसीलिए है, क्योंकि,वह निर्मल है। वहां प्रेम और श्रद्धा है, क्योंकि वहां "मॉं पद्मावती" हैं।
बुद्धि पद्मिनी को इसीलिए कहा गया क्योंकि, जब राजा रत्नसेन को वह असभ्य,लुटेरा अपनी गिरफ्त में ले लेता है,उस समय रानी का कौशल अद्भुत है। कैसे वह "गोरा और बादल" की सहायता देती है और राजा को मुक्त कराती है,यह अविस्मरणीय है। फिल्म "पद्मावत"में यहां तक दिखाया गया है कि वह अपने "बुद्धि के बल पर " राघव चेतन को भी इस संसार से मुक्ति दे देती है।
तोता को गुरु इसीलिए कहा गया, क्योंकि वह सबसे पहले तो नागमती का अक्ल ठिकाने लगाता है। फिर, रत्नसेन और पद्मावती के मिलन का सबसे मुख्य माध्यम वही बनता है। रत्नसेन को प्रेम की सच्ची अनूभूति पद्मावत के मिलन के पश्चात् ही होती है। निष्कर्ष तौर पर कहा जाए तो वह एक गुरु के रूप में वास्तविकता का अनुभव करता है। यहां "दिखावा" का अर्थ "दृष्टि"( नजरिया) से है।बिना गुरु ब्रह्म की प्राप्ति होगी तो कैसे?
दरअसल, गुरु जगत् में साधक और लक्ष्य के बीच माध्यम का काम करते हैं।
नागमती यह दुनिया धंधा। दुनिया को धंधा इसीलिए कहा गया है, क्योंकि सबके केंद्र में लाभ-हानि है।
सामंतवाद और बाजारवाद में "उपयोग" पर ज्यादा बल दिया जाता है "भोग" के मुकाबले।
उपयोग "क्षणिक" होता है,भोग "दीर्घकालीन" ।
जिसे हम आज के समय में कहते हैं कि "यूज एंड थ्रो" ।
धंधे में "नयापन " की मांग हमेशा अत्यधिक होती है।ज्यों ही बाजार में कुछ "नया" आता है, त्यों ही पुराने की मांग घट जाती है या रहती ही नहीं है। उपयोगकर्ता भी उस "पुराने" को भूल जाता है।
राजा ने नागमती का उपयोग किया,भोग नहीं। इसीलिए,जब नवीन की खोज में राजा निकला,उसी क्षण वो पुरातन हो गई।
यहां बचा वही ,जिसका चित्त इस सांसारिक धंधे से नहीं बंधा । यहां जीवन की नश्वरता की ओर भी संकेत है।। " छार उठाई लीन्हि एक मूठी।"
राघव चेतन शैतान क्यों है,यह बहुत सरल है। उसी के कारण यह सारा कांड हुआ ।
माया अलाउद्दीन है , इसीलिए क्योंकि,वह "विकारों" से भरा हुआ है। किसी स्त्री पर अभिभूत हो जाना अलग बात है,यह फ्रायड हो या ओशो , उनके अनुसार प्राकृतिक नियम है। लेकिन,किसी स्त्री,वो भी पराई पर "वासनात्मक आकर्षण " मानसिक विकार को दर्शाने के लिए काफी है।
सौंदर्य "सहेजने"," देखने" और "स्पर्श" करने के लिए होना चाहिए,ना कि "नोंचने" के लिए ।
यह रही पद्मावत महाकाव्य के सभी पात्रों की एक छोटी सी समीक्षा, एक अपरिपक्व छात्र के द्वारा। 🙏🙏🙏🙏
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें