संगोष्ठी - संस्मरण
उसकी मौजूदगी से हमारी अलग शान रहती है।
वो रहती हैं तो महफ़िल में जान रहती है।।
हम हैं उनके एहसानमंद यह समझ कर भी ।
एक लड़की है जो मुझसे अंजान रहती है।।
दिनांक 11-12 अप्रैल,दिन मंगलवार और बुधवार,साल 2023 । स्थान- जुबली हॉल, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, नरगौना परिसर, दरभंगा । दो दिवसीय समारोह और एक यादगार संगोष्ठी। बहुतों के लिए अकादमिक सत्र की अंतिम तो कइयों के लिए प्रथम संगोष्ठी रही । विषय था भारतीय राष्ट्रीय -सांस्कृतिक आंदोलन और हिंदी साहित्य।
पहला दिन उच्च पदाधिकारियों की चमक- धमक से गुलजार हुआ तो दूसरा दिन शोधार्थियों, विद्यार्थियों और नवनियुक्त आचार्यों से लबरेज़ रहा ।
मंच की सजावट और रंगोली ने एक अलग ही आकर्षण बनाए रखा ।
संगोष्ठी की शुरुआत मैथिली लोकगीत "मंगलमय दिन आजु हे,पाहुन (अतिथि) छथि आयल " से हुई। यह गीत सुनते ही मैं भावविभोर हो जाता हूॅं। इसकी प्रस्तुति चतुर्थ छमाही की छात्रा स्नेहा मिश्र , अंशु झा और द्वितीय छमाही की छात्रा अपर्णा झा सहित अन्य छात्राओं ने दी । फिर,बारी - बारी से मंच पर विद्यमान कुलपति सहित उच्च पदाधिकारियों का पाग,दोपटा संग उनका सत्कार किया गया।
बीज वक्तव्य के रूप में "आचार्यगुरु" डॉ० चंद्रभानु प्रसाद सिंह ने अपने व्याख्यान से इस वैचारिक सारगर्भित संगोष्ठी का श्रीगणेश किया।
मैं अभागल हूॅं,जो , पहले दिन का यह सब दृश्य मैं देख नहीं पाया। मैं अभी अपने जीवन में द्वंद्व की स्थिति से गुजर रहा हूं। यह सब इसी का परिणाम है।।
ख़ैर, पहले दिन की संगोष्ठी खत्म होने के बाद मैं करीब छः बजे नरगौना जा रहा था। इतने में हमलोगों से बेहद "अनुराग " रखने वाले कृष्णा अनुराग भैया मिले। उन्होंने रोककर कारण पूछा अनुपस्थिति का । कोई कारण था ही नहीं सिर्फ द्वंद्व था ,जो मैंने उनके सामने जाहिर नहीं करना चाहता था। भैया की व्यस्तता और चेहरे की शिथिलता ने हृदय को झकझोर दिया। बहुत लज्जा हुई, अपनी इस करतूत पर ।
रात बीती । सुबह हुई। संगोष्ठी के दूसरे दिन मैं करीब दस बजे तक नरगौना के परिसर में पहुंचा। सामने में फिर मिल गये अनुराग भैया। व्यस्तता और शिथिलता वैसी ही थी सिर्फ एक शरीर पर नीला रंग का कुर्ता अलग था ।
अंतिम दिन यह हुआ कि लोग ग्यारह बजे तक लगभग आधा जुबली हॉल खाली था । लगा कि आज लोग नहीं आएंगे। भैया पूछने लगे कि सहपाठी सब कहां हैं? क्योंकि,मंचासीन विद्वानों को श्रोता नहीं "भीड़" चाहिए। " भीड़" नामक फिल्म भी इसी बीच में आयी है ।
लेकिन, आश्चर्य यह रहा कि पहला सत्र खत्म होते होते इतने लोग थे कि सबको कहना पड़ा कि कल से बहुत ज्यादा भीड़ आज है । असली धमगज्जर हुआ खाने के वक्त लोग प्लेट के लिए घंटों पंक्ति में खड़े रहे। तो मैंने क्या किया कि जहां प्लेट धुला रहा था मैंने वहीं से कूपन देकर प्लेट लेना शुरू किया और इससे हमारे विभाग के सहपाठियों को सहूलियत हुई।
मेरी देखा-देखी में और लोग वहां पहुंचने लगे। जिससे यह हुआ कि वो सिस्टम तुरंत बंद हो गया।
इस संगोष्ठी का मुख्य विषय जो था उसमें दक्षिणपंथी विचारक और वामपंथी दोनों ही थे। यह इसकी सबसे बड़ी विशेषता रही। आजकल के समय में यह देखना दुर्लभ है। इसका श्रेय हमारे शोधार्थियों विशेषकर अनुराग भैया को जाता है, जिन्होंने इस विचार को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।
विशिष्ट विद्वान् कलानाथ मिश्र की कही एक पंक्ति जो मेरे जेहन में अभी तक घूम रही है,वो ये है कि," केवल एक विचारधारा का अनुयायी होकर हम साहित्य में समरसता नहीं ला सकते। " यह बात अनुसरण करने योग्य है।
ख़ैर, दूसरे दिन का पहला सत्र खत्म होने के बाद स्थिति कुछ ऐसी थी कि लग रहा था कि कोई जुबली हॉल से बाहर ही नहीं जाना चाहता था, जिसमें मैं भी शामिल था । मेरा तो व्यक्तिगत कारण भी था । 🥺
सुंदरियां सेल्फी लेने और आये विद्वान् अतिथि संग फोटो लेने में व्यस्त और लड़के सब उन्हें देखने में व्यस्त। कुल मिलाकर कहें तो माहौल रोमांचक हो गया ।
भोजन के बाद का सत्र मंच संचालन का भार अनुराग भैया ने स्वयं संभाला । सौम्य वाणी और समुचित प्रयोग करने की शैली बहुत अद्भुत थी भैया की ।
शोधार्थियों ने शोध - प्रस्तुति दी। उसके बाद यह सत्र और संगोष्ठी समाप्त हुई । लेकिन, वास्तव में असली घटना उसके बाद ही घटी ।
भीड़ इतनी कि सर्टिफिकेट वितरण के समय काबू से बाहर हो गई। बांटने वाले तीन से चार और लेने वाले एक से छह -छह । पूरा हॉल दलमलित हो गया। धीरे - धीरे भीड़ हटी । उसके बाद लोगों का जाने का सिलसिला शुरू हुआ।
एकदम शाम के वक्त हमलोगों ने इस संगोष्ठी के अध्यक्ष और हमलोगों के विभागाध्यक्ष डॉ ० राजेन्द्र सर और उनकी श्रीमती जी के साथ एक यादगार फोटो सेशन हुआ । वहीं बात यह हुई कि इस सेमिनार को असफल करने की कितनी और किस स्तर तक कोशिश की गई ।
अनुराग भैया को किसी कारणवश पटना(घर) निकलना था । कल पता नहीं ऐसा क्यों लग रहा था कि भैया के साथ आत्मीयता हो गई है। उस समय भावुक होना सारे माहौल को खराब करना था । पटना से एक अलग ही रिश्ता है। भैया के साथ सेल्फी हुई, जिसमें एक और शोधार्थी अभिषेक भैया मौजूद थे । सुशील भैया, अशोक भैया आदि के संग आत्मीय संवाद हुआ ।
अंत में केवल एक शोधार्थी रहे , हमलोगों के बीच और वो है सियाराम भैया। अंतिम में मिथिला का लोकप्रिय व्यंजन मछली बनी थी । यह बात हमें पता नहीं थी ।
शाम होने के चलते मैंने तो खाना नहीं खाया, लेकिन, सियाराम भैया की कृपा से मुझे घर के लिए मिल गया। विश्वास कर पाना मुश्किल है कि संगोष्ठी खत्म हो गई।
अविस्मरणीय, हृदयस्पर्शी और सारगर्भित संगोष्ठी
(तस्वीरें साझा कर रहा हूं लगभग सब के साथ हैं, जिनके साथ होनी चाहिए उन्हीं के साथ नहीं है।)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें