यात्रा-संस्मरण , पटना
प्रिय पाटलिपुत्र,
मैंने तुम्हारी गोद में आखिरी रात आज से ठीक छ: वर्ष पहले गुज़ारी थी । आज पुनः कई दिनों के बाद मेरे जीवन में यह समय आया है। मैं तुम्हारी ऐतिहासिकता पर कोई प्रकाश नहीं डालूंगा और ना ही कोई भौगोलिक संरचना की व्याख्या करूंगा, मैं कहूंगा सिर्फ अपनी भावना ,तुम्हारे प्रति जो वर्षों से मेरे भीतर कैद है,किसी पंछी की तरह ।
तुम मेरे लिए केवल एक शहर मात्र नहीं हो , मैं तुम्हें अपनी कर्मभूमि मानता हूं, शायद इसीलिए, क्योंकि , तुमने मेरी प्रतिभा और कला से मुझे बहुत जल्द परिचय कराया। दर्जनों मैगजीन तथा रोज तीन से चार हिंदी अखबार पढ़ना और प्रबुद्ध शिक्षकों के व्यक्तित्व को समीप से देखना यह सब तुम्हारी भूमि पर ही संभव हो पाया । यही कारण है कि मेरी पहली कविता तुम्हारी भूमि पर ही सृजित हुई ।
जैसे-जैसे रात्रि बीतती गई, पुराने पल मुझे अपनी ओर खींचते चले गए। तुम्हारी भूमि पर मुझे दिन से ज्यादा रात अच्छी लगती है। तुम दिन में बहुत व्यस्त रहते हो , बिल्कुल प्रोफेशनल अवतार में। उस व्यस्तता में खो जाता है,तुम्हारा आकर्षण । लेकिन, रात्रि में तुम चमकते हो , जगमगाते हो , जैसे तारों का समूह टिमटिमाता है भीषण अंधकार में।
तुम हो ज़रूर बिहारवर्ष की राजधानी, लेकिन, मेरी दृष्टि में तुम प्रेमी-युगल के लिए एक पिछड़े और बीमारू राज्य में "अशोक-वाटिका " की तरह हो, जहां प्रेमी और प्रेमिका एक-दूसरे के लिए प्रतीक्षारत् रहते हैं। तुम हो विद्यार्थियों के लिए वो "गुरुकुल " जहां दक्षिणा तो महंगी है , लेकिन, शिक्षा बहुत ऊंची ।
मैं गुजर रहा था जब तुम्हारे ऐतिहासिक "गांधी-सेतु" से तो पहली बार मैंने अंधेरे में उस पुल से मॉं गंगा के दर्शन किए। लेकिन, इस बार मैंने हर बार की तरह कोई पैसों के सिक्के नहीं गिराए, क्योंकि, मेरा मन तुम्हारी भगिनी (मॉं गंगा) की दयनीय अवस्था को देखकर रुष्ट हो गया। यह स्मरण रहे तुम्हें कि तुम्हारे अस्तित्व के साथ हमेशा एक सरिता (नदी) का नाम जुड़ता रहा है,और,उसका नाम है गंगा। मैंने यह अनुभव किया कि संभवतः गंगा की धारा अब सिकुड़ रही है, ऐसे में तुम्हारे प्रबुद्ध मूल निवासियों का यह कर्त्तव्य है कि उसे सिकुड़ने से बचाएं। गंगा तुम्हारे निवासियों द्वारा स्वच्छ और संरक्षित कम , तथा, दूषित ज्यादा हुई है। जैसे-जैसे गंगा की धारा की धार क्षीण होती जाएगी, वैसे-वैसे तुम्हारी ऐतिहासिकता और प्रसिद्धि धूमिल होती जाएगी।
गंगा तो इस सृष्टि और भारत के लिए महत्वपूर्ण है ही ,लेकिन, तुम्हारे लिए वो "संजीवनी" है। शनिवार -रविवार की शाम को एनआईटी के पास होने वाली धार्मिक -अध्यात्मिक "गंगा-आरती" तो गली-गली में प्रसिद्ध है। इसके साक्षी हर उम्र वर्ग के लोग हैं। मैंने तुमसे कहा कि तुम रात्रि में मुझे ज्यादा आकर्षक लगते हो , इसका प्रमाण भी यह आयोजन ही है ,जब पंचतत्व का अद्भुत संगम गंगा के तट पर होता है।
मैं जब शारीरिक और मानसिक रूप से परिपक्व नहीं हुआ था,तब ही तुमसे मेरी भेंट हुई। संभवतः यही कारण है कि तुमसे मेरा लगाव आत्मीय हो गया, जैसे होता है लगाव बच्चों का अपनी मॉं से ।
अब यह संयोग रहा कि इस बार की भेंट में बारिश की भूमिका विचित्र रही । मैं जब पहुंचा तुम तक तब बारिश हुई, मानो ऐसा लगा कि तुम विलाप कर रहे हो, प्रकृति के माध्यम से मेरे संयोग को पाकर । वापसी के समय दोपहर में ट्रेन के स्टेशन पहुॅंचते ही फिर बारिश हुई, बोगी में चढ़ते समय भींग गया मेरा वस्त्र, जैसे द्विरागमन(दुरागमन, गौना )विदाई के वक्त भींग जाता है , स्त्रियों का ऑंचल और जब मैं रात्रि के नौ बजे रविवार को मिथिला (दरभंगा) पहुॅंचा तब भी बारिश हुई, लेकिन, इस बार तुम्हारे वियोग की पीड़ा को बरसा रहा था आसमान अपनी ऑंख से ।
मैं तुमसे मिलूंगा फिर इस भेंट की सुनहरी यादों के साथ।
संभवतः तुम्हें पता नहीं हो, लेकिन, आज कह रहा हूॅं कि एक स्त्री जो तुम्हारी मूल निवासी हैं , उनमें मेरी अगाध श्रद्धा है , शायद , उनसे लगाव का एक कारण तुम भी हो ।
तुम्हारा शुभचिंतक
श्रेयांश शिवम्
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें