शिशु मनुष्य का सबसे सुंदरतम रूप है
शिशु मनुष्य का सबसे सुंदरतम रूप है। प्रकृति के अनुसार मानव अपने जीवन-काल में शिशु, किशोर, युवा ,व्यस्क और वृद्ध के रूप में जीता है। इन सब रूपों में शिशु मनुष्य का सबसे सुंदर रूप है।
सूक्ति है - बच्चे मन के सच्चे। प्रायः "अबोध बालक" का प्रयोग भी लिखने और बोलने में होता है। "बालक" का "अबोध" होना "हार्दिक" होना है ,नाकि, "बौद्धिक " होना । वह अबोध है , इसीलिए, निष्कपट है , निश्छल है ,नि:स्वार्थ है, निष्कलंक है।
यह सब इसलिए है, क्योंकि, शिशु में "हृदय" की प्रधानता होती है,नाकि,"बुद्धि" की । "हृदय"भावनाओं का घर है। जब तक मनुष्य बालरूप में रहता है , उसकी भावनाएं पवित्र होती है,जब मानव इस रूप का त्याग कर देता है और वह "बौद्धिक" होने लगता है,तो, उसमें " विचार" के साथ "विकार" की भी उत्पत्ति होती है, जो उसके भावनाओं को भी मलिन कर देता है।
बच्चे सात्विक गुण से युक्त होते हैं। यही कारण है कि उनकी नग्नता में भी लोगों को सौंदर्य का दर्शन होता है,नाकि, कामुकता का भाव आता है।
इस नग्नता को हम जैन धर्म के "दिगम्बर" पंथ से जोड़कर देख सकते हैं।
शिशु जब जन्म लेता है तो वह शारीरिक रूप से अपूर्ण होता है। उसके अंग पूरी तरह विकसित नहीं होते हैं। जैसे कि दॉंत। लेकिन, फिर भी वह मन को भाते हैं।
उनका तुतलाना अनेक स्पष्ट वक्ताओं से ज्यादा मनभावन होता है। उनकी मुस्कान कोटि-कोटि दॉंत वाले मनुष्य की हॅंसी से मोहक होती है। तभी तो वैद्यनाथ मिश्र "यात्री" उपाख्य नागार्जुन ने अपनी कविता " दंतुरित मुस्कान" में बालरूप का अंशत: ही सही, लेकिन, ललित वर्णन किया है । वो लिखते हैं -
"तुम्हारी यह दंतुरित मुस्कान ।
मृतक में भी डाल देगी ये जान ।।"
शिशु के हर आचरण और गतिविधि में सौंदर्य है। चाहे वह घुटनों के बल चलना हो , जिसे मैथिली भाषा में "ठेहुनियां मारना"कहते हैं या फिर ठुमक कर चलना।
तभी तो विश्व के महान् कवि तुलसीदास लिखते हैं कि
"ठुमक चलत रामचंद्र बाजत पैजनिया।।"
यह विश्व अब "बौद्धिक" हो चुका है। यही कारण है कि संवेदनाएं लुप्त होती जा रही है और स्वार्थ प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। भावुक होना मूर्खता का प्रतीक बन चुका है और प्रायोगिक ( प्रैक्टिकल) होना बुद्धिमान का । बच्चे अस्पताल में जन्म ले रहे हैं और विद्यालयों में बड़े हो रहे हैं। मानव अब "बचपन" में ही "किशोर","किशोरावस्था" में "युवा" , "युवावस्था" में "व्यस्क" और "अधेड़ " आयु में ही "वृद्ध" होने लगा है।
जीवित रहने की आयु का घटना मेरे इस विचार का प्रमाण है। इस सबके पीछे एक ही कारण है मानव का "अतिशय बौद्धिक " हो जाना।
प्रायः बच्चों से कहा जाता है कि वो अपने से बड़ों का अनुकरण करें, लेकिन, अब आवश्यकता है कि बड़े बच्चों का अनुकरण करें।
श्रेयांश शिवम्
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें