विग्रह और विसर्जन

विजयादशमी और दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं 


भारतीय धार्मिक शास्त्रों में " विग्रह" उस देवी या देव की "प्रतिमा" को कहा जाता है, जिसमें प्राण-प्रतिष्ठा की जाती है। मूर्ति और प्रतिमा में अंतर होता है। 

मूर्ति यानी मूर्त रूप । इसमें यथार्थवादी दृष्टिकोण का उपयोग होता है। चाहे वो किसी व्यक्ति या जानवर , वस्तु का ही क्यों ना हो , लेकिन , प्रतिमा विशेष रूप से धार्मिक भावना से प्रेरित देवी-देवता या किसी व्यक्ति की प्रतिकृति होती है, जिसे पूजा या ध्यान के लिए उपयोग किया जाता है। इसके निर्माण में शिल्पी अपनी कल्पना का उपयोग करता है। हर प्रतिमा मूर्ति हो सकती है, लेकिन, हर मूर्ति प्रतिमा नहीं हो सकती। 


विज्ञान जिसे "ऊर्जा " कहता है, भारतीय सनातन संस्कृति में उसे ही "शक्ति" कहा जाता है। अंततः "ऊर्जा "शक्ति" के रूप ही में स्थानांतरित, परिवर्तित या प्रकट होती है। इसीलिए "अदृश्य शक्ति"अलौकिक शक्ति " जैसे शब्दों का प्रयोग भी किया जाता है। "शक्ति" से ही "सृजन" अथवा "सर्जन" यानी उत्पत्ति संभव है। उत्पत्ति का मूल स्रोत "स्त्री" है । इसीलिए देवता नहीं वरन् देवी को " शक्ति" कहा गया। व्याकरण में भी "ऊर्जा" शक्ति " शब्द स्त्रीलिंग है। "शक्ति " मॉं पार्वती को कहा गया है। मॉं पार्वती को ही "शक्ति " इसलिए कहा गया है, क्योंकि, उनके साथ "शिव" हैं। "शिव" अर्थात्"कल्याण" ।

इसीलिए एक शब्द बहुत प्रचलित है "शिव-शक्ति" यानी "कल्याणकारी - शक्ति" । "कल्याण" नाम से एक धार्मिक पत्रिका भी प्रकाशित होती रही है, जिसके आवरण पृष्ठ पर भगवान् शिव की छवि अंकित रहती है। 


भारतीय सनातन धर्म में "शक्तिपीठ" का बहुत महत्व है। माता सती के पिता दक्ष ने यज्ञ किया और भगवान शिव को आमंत्रित नहीं किया, जिससे माता सती अपमानित हुईं। अपमान और चोट से क्षुब्ध होकर माता सती ने उसी यज्ञ में अपने शरीर का त्याग कर दिया। शिव ने माता सती के देह को उठाया और क्रोधित होकर तांडव नृत्य किया। शिव का क्रोध देखकर भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से माता सती के शरीर को 51 या 52 खंडों में विभाजित कर दिया। ये खंड जहाँ-जहाँ गिरे, वहीं-वहीं शक्तिपीठों की स्थापना हुई, जो शक्ति की शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं। पुनः यही सती मॉं पार्वती के रूप में पुनर्जन्म लेती है और यही पार्वती मॉं दुर्गा के रूप में पूजी जाती है।


दुर्गा पूजा में देश भर में मॉं दुर्गा की एक प्रसिद्ध आरती " मॉं जग जननी जय जय " ,जोकि, दुर्गा सप्तशती (मार्कण्डेय पुराण) में संकलित है ,गायी जाती है। उस में निहित केवल एक पद "शक्ति" के सभी स्वरूपों की ओर संकेत करता प्रतीत होता है। वह पद है-------


          "दस विद्या नव दुर्गा नानाशस्त्र करा ।

           अष्ट मातृका, योगिनी नव नव रूप धरा ।।


शाक्त परंपरा के तंत्र-साधना दस विद्या यानी दस महाविद्या पूज्य है,जिसका प्रथम रूप मॉं काली हैं। 

दस महाविद्या माँ काली, तारा, त्रिपुर सुंदरी, भुवनेश्वरी, त्रिपुर भैरवी, छिन्नमस्ता, धूमावती, बगलामुखी, मातंगी, और कमलात्मिका हैं। यह तांत्रिकों के लिए ही हैं।

दस ही महाविद्या क्यों है! क्योंकि, यह दस दिशाओं की शक्ति का प्रतिनिधित्व करती हैं। 


नव दुर्गा "शक्ति" का सौम्य रूप है, इसीलिए, चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि में भक्तगण इनकी पूजा करते हैं। मॉं दुर्गा के ये नौ रूप स्त्री के चारित्रिक और भावनात्मक विकास और परिर्वतन की ओर संकेत करते हैं। प्रथम शैलपुत्री अर्थात् हिमाचल की पुत्री, यानी शिशु रूप। पर्वतराज हिमालय को पिता की तरह लिया गया है। द्वितीय ब्रह्मचारिणी अर्थात् बालिका का स्वरूप। तृतीय चंद्रघंटा यानी उनके मस्तक पर अर्धचंद्र प्रतीक है किशोरी होने का । चतुर्थ रूप है कूष्माण्डा यानी परिपक्व स्त्री । इसमें उनके हाथ में घड़ा है वह गर्भ का प्रतीक है। पंचम स्कंदमाता प्रतीक है मातृस्वरूप का ,नाम में ही माता है। षष्ठ कात्यायनी प्रतीक है संरक्षिणी का और सप्तम कालरात्रि अर्थात् गृहिणी का । अष्टम महागौरी यानी संपूर्णता हर तरह से । नवम् सिद्धिदात्री यानी पुत्री से दात्री तक की यात्रा हर स्त्री का जीवन-चक्र है। 


अष्ट मातृका होती है। शाक्त परंपरा में माना जाता है कि इन्हीं आठ माताओं से सृष्टि तथा देवता और देवी की उत्पत्ति हुई है। इसीलिए मॉं दुर्गा को "अष्ट भुजा धारी" भी कहा गया है। हर हाथ में हर एक देव का अस्त्र है। यथा- चक्र, त्रिशूल इत्यादि। 

ब्राह्मणी - ब्रह्मा का प्रतिनिधित्व करती है। 2. वैष्णवी - विष्णु का प्रतिनिधित्व करती है। 3. महेश्वरी - शिव का प्रतिनिधित्व करती हैं। 4. इंद्राणी - इंद्र का प्रतिनिधित्व करती है। 5. कौमारी - मुर्गन का प्रतिनिधित्व करता है। 6. वाराही - वराह, विष्णु के सूअर अवतार का प्रतिनिधित्व करता है। 7. चामुंडा या चंडी - मां दुर्गों / काली का प्रतिनिधित्व करती है 8. नरसिम्ही या प्रत्यंगिरा - नरसिम्हा विष्णु के शेर अवतार का प्रतिनिधित्व करती है। 

ब्राह्मणी - बुद्धि और ज्ञान का प्रतिनिधित्व करती है। 2. वैष्णवी - संरक्षण और सुरक्षा का प्रतिनिधित्व करती है। 3. माहेश्वरी - विनाश और परिवर्तन का प्रतिनिधित्व करती है। 4. इंद्राणी - प्राकृतिक शक्तियों पर शक्ति और नियंत्रण का प्रतिनिधित्व करती है। 5. कौमारी - युद्ध और नेतृत्व का प्रतीक है। 6. वाराही - बुराई के विनाश और पुनर्स्थापना का प्रतीक है। 7. चामुंडा या चंडी - राक्षसों पर भयंकर विनाश और विजय का प्रतिनिधित्व करती है। 8. नरसिंही या प्रत्यंगिरा - संरक्षण और क्रूरता का प्रतिनिधित्व करती है।


 भगवती को रक्त चढ़ाने के लिए बलि-प्रदान किया जाता है, नाकि,मांस ,क्योंकि, रक्त ही शरीर की सबसे बड़ी शक्ति है। 


विसर्जन यानी विशिष्ट सर्जन। इस ब्रह्माण्ड की उत्पत्ति जल से हुई है। इस भूमि पर एक तिहाई भाग में जल है । विष्णु के दशावतार में पहला ही अवतार मत्स्यावतार है। यह दशावतार जीव के विकास के क्रम को दर्शाता है। विसर्जन हमें यह आभास कराता है कि इस सृष्टि का अंत भी जल-प्रलय से ही होगा । 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

लिपि भाषा की आत्मा होती है।‌।

भिखमंगे की जात

खतरे में कौन है! (कविता)