हैप्पी वेलेंटाइन
हैप्पी वेलेंटाइन,
पाश्चात्य जगत् ।
आज पूरी दुनिया में धूम है वेलेंटाइन डे की । तुमको विशेष शुभकामनाएं, पाश्चात्य परंपरा। तुम आज के समय में बहुत व्यापक हो ,व्याप्त हो ।
तुम व्यापक और व्याप्त इसीलिए भी हो क्योंकि,तुम "बाजार" से जुड़े हुए हो । तुम "बाजारू" हो और "बिकाऊ" हो । चाहे तुम्हारा मुख्य पर्व "क्रिसमस " ही क्यों ना हो । तुम "कृत्रिम वस्तु" से ही प्रदर्शित होते हो , भावनाओं से नहीं । तुम "कृत्रिम वस्तु" से प्रदर्शित होते हो , इसीलिए "बिकाऊ" हो । तुम इसीलिए व्यापक और व्याप्त हो , क्योंकि,तुम "संपन्न " और शिक्षित लोगों द्वारा अनुकरणीय हो ।
लेकिन, क्या तुम्हें पता है केवल एक ऐसा देश है, जहां तुम्हारे इस वेलेंटाइन डे का विरोध हो रहा है,और वो वहीं भूमि है, जहां तुम्हारी परंपरा की एक भाषा (अंग्रेजी) को बोलना तो "मॉडर्न" और "वेल एडुकेटेड" होना माना जाता है , तुम्हारे जगत् में रहना अमीर होने की निशानी मानी जाती है,लेकिन , तुम्हारी परंपरा को लेकर विरोध किया जाता है, ऐसा क्यों?
पता है,यह बात कोई पुरानी और नई नहीं है। यह तो तुम्हारे साथ होता आया है इस देश में और आगे भी होता रहेगा। क्योंकि, यहां की सांस्कृतिक अस्मिता की जड़ें काफी गहरी,अक्षय और मिश्रित है। वह इसीलिए, क्योंकि यहां की सांस्कृतिक अस्मिता विविधतापूर्ण है और यही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है।
मूलतः मैं तुमसे इसी संदर्भ में बात कहना चाहता हूं कि इसका एक मूल अंतर है तुम्हारी परंपरा और भारतीय परंपरा में, वो है "आदर्श" का । तुम्हारे पास आदर्श नहीं है । यहां तो "राज्य" को भी आदर्श होने की कल्पना की गई है। तुम्हारी यह परंपरा भारतीय जनता की चितवृति के अनुकूल इस समय तक नहीं हुई है।
तुम्हारा प्रेम "डे" से अभिव्यक्त होता है! गले मिलने का भी डे होता है। Hug डे , । चुम्बन लेने का भी ।
चुम्बन महत्वपूर्ण नहीं है, महत्वपूर्ण है अंग । ललाट चूमना, आंखों और हाथों को चूमना (ये मुस्लिमों ने दिया है।),कपोल चूमना तो यहां प्रेम का ही प्रतीक रहा है, लेकिन,होंठ का चूमना "वासना" का ।
पता है तुम्हारे इस वेलेंटाइन वीक के ठीक कुछ सप्ताह के भीतर ही महाशिवरात्रि होती है। शिव और शक्ति(पार्वती) का विवाह इसी फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी की रात्रि को हुआ था।
तुम्हें, पता है पाश्चात्य जगत्,भारत में सबसे बड़ा प्रेमी कृष्ण को माना जाता है। गोपियों का कान्हा संग का निश्छल प्रेम अब "श्रद्धा" का रूप लेकर वृंदावन में अभी तक "व्याप्त" है।
"प्रेम का भाव जब "व्यष्टि"से "समष्टि" की ओर उन्मुख होता है,तो वह श्रद्धा का रूप का ले लेता है। "
लेकिन, शिव तो वो है जो स्वयं एक अनूठे प्रेमी हैं। जब ,सती शिव के मात्र अपमान भर से "आत्मदाह "कर लेती है,तो शिव उनकी "मृत" काया , पाश्चात्य जगत्,मृत, जीवित नहीं,मृत काया को लेकर"नृत्य" करते हैं , जिसे हम "तांडव " कहते हैं।"
इसीलिए हमारे यहां अर्धनारीश्वर की परंपरा है। जिसमें हर पुरुष और स्त्री में एक-दूसरे की सत्ता को मान्यता दी गई है। शिव का अपमान मतलब सती के आधे भाग का अपमान ।
बताओ, क्या कभी तुमने सुना है कि कोई विक्षोभ और वियोग में अपने प्रेम के वशीभूत होकर "नृत्य" करता है ।
क्योंकि, तुम्हारे अनुसार तो नृत्य सिर्फ अनुकूल परिस्थिति में ही किया जाता है।
है ना , तुमसे अलग दृष्टिकोण ! तुम्हें, जवाब देना पड़ेगा , तुम्हें देना भी चाहिए।
इस महान् और अलौकिक "प्रेम-प्रतीक-प्रसंग" पर भी , लेकिन तुमसे प्रभावित कुछ लोगों ने काला धब्बा लगा दिया।
जो सती सबसे निडर और समर्पित प्रेम की नायिका है, उसके नाम पर एक कुप्रथा का नाम नामकरण कर दिया गया,"सती-प्रथा" ।
भारत में प्रेम कभी उत्सव और समारोह द्वारा अभिव्यक्त नहीं हुआ, अपितु वो तो यहां एक अलौकिक आनन्द की भावना रहा है। भारत में प्रेम,"करने" का नहीं "निभाने" का दृष्टिकोण है।
लेकिन, तुम्हें बधाई, क्योंकि, तुमने यहां भी सेंध लगा दी है। लोग अब , यहां भी प्रेम कर रहे हैं, पैसों से, पदों से और कृत्रिम वस्तुओं से। लोग अब"मॉडर्न", वेस्टर्न " ज्यादा हो रहे हैं"इंडियन "कम । "टैटूज" की बढ़ती लोकप्रियता से यह बात तुम महसूस कर सकते हो।
मुझे तुमसे कोई ईर्ष्या नहीं है और ना ही कोई नफरत है। मुझे हैरानी है कि तुम्हारे इस वेलेंटाइन पर्व का भारत में किस तरह इस्तेमाल हो रहा है!
जब , मैं तुमको यह सब बात प्रेषित कर रहा था ,तब यूनिवर्सिटी में ही नरगौना (ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा) के बाहर कुछ पथभ्रभित नाबालिग आक्रामक युवक "जय श्री राम" हर हर महादेव " का उद्घोष करते हुए, निकले।
साथ में यह नारा भी था , "जहां मिलेंगे बाबू-सोना ,तोड़ देंगे कोना-कोना " । इन लोगों का यह मत है कि इसके आड़ में नाबालिग बालक-बालिकाओं को छलावे में रखकर धर्म-परिवर्तन करवाया जाता है। इसमें तथाकथित बड़े-बड़े "अंग्रेजी" स्कूल शामिल हैं।
क्या सही, क्या ग़लत ,एक गंभीर बात है। लेकिन, विरोध करने वाले खुद भी नहीं जानते कि वो साल में कितना "डे" मनाते हैं!" बर्थडे," एनिवर्सरी डे " इत्यादि।
खैर, मुझे तुम्हारी परंपरा से यह प्रतीत होता है कि तुम दिखावटीपन और स्वार्थ को बढ़ावा देते हो ।
तुम्हारा परिचित,
श्रेयांश शिवम्
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें