सिनेमा और साहित्य
कला एक अभिव्यक्ति है और कौशल उसे समुचित ढंग से प्रस्तुत करने का तरीका या माध्यम ।
इन दिनों यशराज बैनर की फिल्म "पठान" चर्चा में है। चाहे वो नाम को लेकर हो या फिर अंत: वस्त्र को लेकर या कमाई को लेकर । लेकिन, हमें इस बात को समझना होगा कि कला का प्रसार विरोध और समर्थन के बाद और भी ज्यादा तीव्र हो उठता है।
सबसे पहले हमें यह समझना होगा कि फिल्म क्या है? तो, फिल्म वस्तुत: नाटक का ही आधुनिक रूप है। नाटक साहित्य की एक विधा है। साहित्य क्या है,वह पिछले लेख में मैंने बता दिया है।
अब, ज़ाहिर है कि यह सब साहित्य का एक अंग है तो उसमें कल्पना का भी मिश्रण होगा । बग़ैर कल्पना के साहित्य नीरस हो जाएगा और मनोरंजक भी नहीं रहेगा ।
जिसे हम आज के समय में अभिनेता और अभिनेत्री कहते हैं,वो तो पहले के दिनों में नट और नटी कहे जाते थे। नाटक शब्द का संबंध बहुत हद संभव है कि इन दोनों शब्दों से रहा हो । शायद, बहुत लोगों को पता भी है कि नहीं,कि पहली फिल्म भारत की "हरिश्चंद्र" या बोलती फिल्म "आलम आरा" में बहुत ही संख्या में किन्नरों और वैश्याओं ने काम किया था। इसके पीछे कारण यह है कि पहले हमारे समाज में अभिनय करने या नाचने, गाने को लेकर एक रूढ़िवादी धारणा थी। अब,भी है ही । हम उसे कला की तरह नहीं एक मनोरंजन के तौर पर देखते हैं। लेकिन,यह नहीं सोचते कि बगैर कला के मनोरंजन संभव ही नहीं है।
तो,जब आमतौर पर लड़कियां उस दौर में सहमत नहीं हुई तो , हमारे सिनेमा में किन्नरों और वैश्याओं का आगमन हुआ। किन्नरों का नाचना - गाना सब ने सुना , लेकिन उनका समाज में क्या योगदान रहा है,इन सबसे हम सभी अनभिज्ञ रहे हैं। उन्होंने वर्जनाएं तोड़ी , हमारे समाज की । उन्होंने यह दिखाया कि कला में स्त्रियों के प्रवेश से उसमें सम्पूर्णता आती है,वह रुचिकर लगती है।
हमारे जनमानस में अब भी मौजूदा समय में अनेक हिरोइन को "रंडी" कहकर संबोधित किया जाता है। दरअसल, उन्हें यह समझना चाहिए और सोचना चाहिए कि कोई "रंडी " अभिनय कैसे कर लेती है?
इसीलिए, कहता हूं कि एक कलाकार और कला दायरों से परे होते हैं। दायरों से परे होने के कारण ये लोगों को "पागल" लगते हैं। मंटो आजीवन वैश्या की गली में रहे और उसका मार्मिक चित्रण करते रहे , बदनाम भी हुए ,जेल भी गए,मुकदमा भी स्वयं लड़ा और सिगरेट की लत से कम उम्र में दुनिया से चले भी गए।
फिल्म या कला को किसी विशेष जाति,धर्म , व्यक्ति, समाज और देश से जोड़कर ना देखें। नहीं तो हम कला का ढंग से मूल्यांकन नहीं कर पाएंगे।
एक उदाहरण "छपाक" फिल्म का है । फिल्म तेजाब पीड़िताओं के ऊपर बनी थी। यह स्त्री - विमर्श का एक सशक्त हस्ताक्षर फिल्म है। लेकिन, दीपिका पादुकोण जेएनयू चली गई,तो होने लगा फिल्म का बहिष्कार। इतने बड़े पैमाने हुआ कि फिल्म को नुक़सान हुआ आर्थिक रूप से। लेकिन, हमारा तो इससे ज्यादा नुकसान हुआ। इस फिल्म का विरोध करके हमने तेजाब हमलावरों को महिमा मंडित ही किया। इस फिल्म को तो उल्टे प्रमोट किया जाना चाहिए था कि इसमें वर्तमान समाज का एक प्रमुख मुद्दा उठाया गया था । वो भी लड़कियों को लेकर ।
खैर,
इस दौरान मैंने एक भी "स्त्री -विमर्श " का झंडा उठाए पुरुष और "फेमिनिज्म टाइप की स्त्री " जिसे मैं "फेक फेमिनिज्म " कहता हूं,का ना ही कहीं लेख या व्यक्तव्य मैंने देखा । क्योंकि, इसमें पुरुषों को गरियाने का कहीं से कोई स्कोप ही नहीं था । पुरुषों को गरियाना आज के समय का प्रमुख"स्त्री -विमर्श " है ।
फिल्म का नाटक ,नाटक का साहित्य से ऐसे संबंध रहा है कि फिल्मों की पटकथा लेखक लिखते हैं और गीत कोई गीतकार, जिसके पास सुंदर आत्मा और शब्द हों । (आत्मा के सौंदर्य का शब्द-रूप है काव्य - नीरज)
यही बात गायक के ऊपर भी लागू होती है।
अक्सर हम सुनते हैं कि पहले के गीतों में अलग ही भाव को उद्दीप्त करने की क्षमता थी ,अब वैसी बात नहीं है।
कैसे होगी , पहले गीत लिखते थे शायर और कवि ।
जिनकी एक पंक्ति पर दर्शक "वाहवाही"करते हों , जाहिर है कि जब वो गीत लिखेंगे तो , उसमें भावनाओं का प्रबल वेग होगा । क्योंकि,एक साहित्यकार मूलतः आम लोगों से ज्यादा संवेदनशील होता है। जिस दिन उसमें संवेदना नहीं रहेगी वह कलाकार नहीं रहेगा।
अब,गीत लिखना, कंपोज करना ,गाना सब एक ही व्यक्ति करते हैं। तो , जाहिर है कि उसमें उबाऊपन आएगा । वह दीर्घकालिक नहीं रह पाएगा । जैसे -टोनी कक्कड़ ,जो गाना यह गाता है कि "जवानी तेरी बिजली की तार है ।" इसमें से वासना की बू आती है।
अब,आप कहेंगे कि लेकिन,वो तो पसंद किए जा रहे हैं,तो किए ही जाएंगे। क्योंकि,कला मनोरंजन करती है।
आज की पीढ़ी के पास किशोर,समीर और नीरज जैसे जो कलाकार नहीं है।
पठान फिल्म में अंत: वस्त्र को लेकर विवाद यह दर्शाता है कि कला का विरोध किस हद तक किया जा सकता है!
हमारा दृष्टिकोण इस हद तक बदल गया है कि लोग अब विरोध से अपनी ताकत का परिचय देते हैं, समर्थन से नहीं।
(बहुत बातें हैं, फिर कभी , स्क्रीन पर लिखना,कॉपी पर लिखने से कहीं ज्यादा कठिन है। )
##श्रेयांश शिवम् ##
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें