यात्रा -संस्मरण , बंग - यात्रा
बंग-यात्रा
नये साल के जश्न में मैं भी खुद को डुबोया हूॅं ।
मैं हूॅं मिथिला का,और,बंग-भूमि पर खोया हूॅं ।।
स्त्रियों की है सक्रियता बहुत चैतन्य के राज्य में ।
मुझे स्वप्न आया कि मैं टैगोर की गोद में सोया हूॅं ।।
मुख्य शृंगार है काजल बंगाल की बालाओं का ।
बड़े स्नेह से उन ऑंखों को स्मृति में संजोया हूॅं ।।
श्रेयांश शिवम्
पिछले वर्ष इसी दो जनवरी को बंग - यात्रा से वापस मिथिला को लौटा था । यह एक अविस्मरणीय यात्रा है मेरी जिंदगी में। इस यात्रा में मैं अकेला नहीं था । सबसे पहले इस यात्रा के भागीदार और साझेदार बनें , मेरे पिताजी । जनकवि नागार्जुन के साहित्यकार- पुत्र शोभाकांत मिश्र के शब्दों में कहें तो " मेरे बाबूजी " । उनके बिना सबकुछ मेरा जीवन " दिशाहीन " है । अपनी कुछ रचनाएं "हिंदी मेला " के वरिष्ठ संयोजक संजय सर को भेजने के बाद उनकी प्रतिक्रिया कुछ ऐसी थी कि " यदि आप आएंगे,तो हम मौका देंगें , युवा काव्य उत्सव में , स्वयं की रचना का पाठ करने के लिए । " मैंने यह बात बाबूजी से कही । बिना किसी हिचकिचाहट के उन्होंने जाने के लिए हामी भर दी । टिकट लेने के लिए पैसे दिए । 28 दिसंबर को ट्रेन थी मेरी गंगासागर एक्सप्रेस। शाम साढ़े चार बजे शाम में अपने अनुज के साथ मैं गांव से रवाना हुआ । दरभंगा तक छोटा भाई साथ में रहा । फिर,उस स्टेशन पर उतर गया, चूंकि दरभंगा में ही हम भाई किराए के मकान में रहते हैं ,तो उसे वहां जाना था । दरभंगा से ज्यों ही ट्रेन खुली , मेरे अंदर भावनाओं का ज्वार फूट पड़ा। मैंने महसूस किया कि मॉं और बाप उस इंजन के समान होते हैं, जिसके बिना डिब्बा (बच्चे) का कोई मूल्य नहीं होता। वो हमें आजीवन "ढ़ोते" हैं, चाहे लोग हमें "गंदा" कहें। आंखें नम हो गईं,और यह सब सोचते - सोचते कब आंख लग गई,पता ही नहीं चला, चूंकि रात का सफर था। सुबह करीब चार बजे नींद खुली,तो स्वयं को बंगाल में पाया । मोबाइल पर बंगाल सरकार का स्वागत संदेश जो आ चुका था ,उसी से पता चला। सियालदह स्टेशन पर उतरकर मैं अपने गांव के ही एक भैया (प्रभाष झा, गांव का नाम झुनझुन) के निजी आवास पर गया । उनसे बातचीत पहले ही हो चुकी थी। २९ दिसंबर को ही पिताजी के कहने पर शाम में मैं "हिंदी मेला" भारतीय भाषा परिषद् ,के लिए रवाना हुआ । पहली बार जाने के कारण बहुत समय बर्बाद हुआ। लेकिन,इसी क्षणों में मुझे एक ऐसे शख्स से लगाव हो गया,जो अभी तक है। उनका नाम रूपेश भैया है । गलत रूट में जाने के कारण मैं भटक चुका था। वहां से वापस आवास जाना तो आसान था, लेकिन, भारतीय भाषा परिषद मुश्किल, क्योंकि मुझे मार्ग के बारे में कुछ भी पता नहीं था। लेकिन ,मेरे द्वारा बार - बार फोन करने पर हर बार शालीनता के साथ मुझे रास्ता बतलाते रहे रूपेश भैया। एक बार भी गुस्सा नहीं हुए । आजकल के दौर में यह बहुत बड़ी बात थी मेरे लिए। अब जब आखिर मैं भाषा परिषद पहुंचा तो, बहुत कम लोग थे । शाम जो हो चुकी थी। रूपेश भैया,संजय सर से मिलना हुआ। लोकगीत और काव्य संगीत प्रतियोगिता अपने अंतिम पड़ाव पर थी। कुछ क्षण देखने के पश्चात् मैं वहां से आवास के लिए रवाना हुआ। बहुत बातें मन में चल रही थी कि क्यों आया,सही किया या ग़लत । क्योंकि,एक कहावत है कि" फर्स्ट इंप्रेशन इज द लास्ट इंप्रेशन"। मुझे लगा कि यह एक छोटा और ठीकठाक कार्यक्रम है। लेकिन, अगले सुबह वहां पहुंचने पर मेरी ये सारी बातें गलतफहमी निकलीं। सबसे पहले इतनी बड़ी संख्या में विद्वान, हिंदी प्रेमी और प्रतिभागियों को देखकर सीना गर्व से चौड़ा हो गया। हिंदी के लिए ऐसी उत्सुकता देखकर मैं हमेशा के लिए बंगाल और विशेषकर हिंदी मेला का "दास" बन गया,यह कहने में मुझे तनिक भी शर्म नहीं है। फिर मेरी नज़र वहां पर लगे बुक-स्टॉल पर गयी।
जोकि, पिछले शाम नहीं थी। वहां से पद्मावत, पृथ्वीराज रासो, कामायनी,साकेत जैसी पुस्तकों को पाकर मेरा मन हर्षित हो गया। इसी दिन "युवा काव्य उत्सव" था, और मुझे काव्य - पाठ करना था । यह एक बड़ा क्षण था मेरे जीवन में, जिसे मैं हमेशा के लिए कैद करना चाहता था,एक सुनहरी याद के रूप में। लेकिन,मेरी पहचान वहां पर दो तीन जन को छोड़कर, जोकि, संयोजन में लगे हुए थे और किसी से विशेष हुई नहीं थी। सवाल यह था कि उस पल को कैद करेगा कौन? मैं यह सब सोच ही रहा था कि इतने में मैंने दो- तीन लड़कों की आवाज सुनी ,जो पीछे से आ रहे थे बैठने के लिए। संयोग से वो लोग मेरे पीछे वाली सीट पर ही बैठ गये । इतने में एक कवि ने कविता पढ़ी "चाटना" ।यह एक ऐसी व्यंग्यात्मक कविता थी कि मौजूद सब लोग हंसने लगे। लेकिन,उस हंसी में सबसे अलग हंसी उन्हीं तीनों लड़कों की थी । क्योंकि,वह एक-एक पंक्ति पर देर तक हॅंस रहे थे। हम बिहारियों की एक पहचान होती है देर तक हंसना और खुलकर हंसना। हम पूछ लिए,"कहां से हैं?"
"बिहार से हैं, भैया, रहते हैं बंगाल में ।"
"आप सभी?"
"हां, भैया "
"भैया,आप?"
"बिहार (मिथिला) से हूॅं। पहली बार काव्य - पाठ करने आया हूं । बंगाल "
उन तीनों का नाम है आयुष, आशुतोष और जितेश । मैंने कहा कि ,"मेरी एक छोटी सी सहायता करेंगे "!
बोलिए ना भैया, आयुष ने कहा ।
"जब मैं काव्य पाठ करूंगा तो वीडियो ले लेंगे। "
"हां,हां क्यों नहीं " ।
उन्होंने यह किया भी । उनके इस एहसान के लिए मैं जीवनभर ऋणी रहूंगा। काव्य उत्सव के बाद खाना खाने के दौरान हिंदी मेला के पिछले आयोजनों के बारे में वो लोग हमें बताने लगे कि इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को फ्री में भाग लेने दिया जाता है। संगोष्ठी के लिए केवल सौ रूपए। विजेताओं को मानद पुरस्कार मिलता है। यह दो दशक से भी अधिक वर्षों से चला आ रहा है। हर वर्ष यह २६ दिसंबर से आरंभ होता है। बड़े बड़े आलोचक,लेखक, कलाकार इसका हिस्सा बनते रहे हैं।इस बार प्रख्यात साहित्यकार विजय बहादुर सर आ रहें हैं।" फिर मुझे यह अनुभव हुआ कि बंगाल ऐसे ही नहीं सामाजिक, राजनीतिक, साहित्यिक, सांस्कृतिक, धार्मिक परिवर्तनों का केंद्र रहा है।
अगले दिन राष्ट्रीय संगोष्ठी के बाद विजय सर के साथ आत्मीय संवाद हुआ। उन्हें मैंने जब यह बताया कि मैं बाबा नागार्जुन के गांव से हूं,तो वह खुश हुए। पिताजी और जो छोटे बेटे बाबा के ,गांव में रहते हैं उन्होंने मुझे बता दिया था कि विजय बहादुर सर बाबा के बहुत बड़े "भक्त " हैं। मैंने फिर उनसे कहा कि, मैं भी थोड़ी - बहुत कविता लिखता हूॅं। " उन्होंने पूछा,"प्रकाशित भी हुई है?
तो , हमने कहा ,"जी", प्रभात खबर में ,तो उन्होंने इस पर कोई विशेष प्रतिक्रिया नहीं दी। फिर, हमने कहा कि ,एक बार दैनिक भास्कर में भी हुई। तब उन्होंने कहा कि भास्कर में हो गई, वाह, फिर क्या बात है !
हमने कहा कि,आप एक बार मूल्यांकन कर दें तो .......।
वो हंस कर बोल पड़े कि, हिंदी कवियों का मूल्यांकन उनके मरने के बाद होता है।"अभी सिर्फ लिखते जाइए,किसी मान्यता पर ध्यान मत दीजिए।" यह ब्रह्मवाक्य बना मेरे लिए। फिर, उनके साथ और प्रख्यात संपादक डॉ शंभूनाथ सर के साथ फोटो सेशन हुआ। संगोष्ठी के बाद हम सबों ने (आयुष, आशुतोष,जितेश, नीलेश) ने सेल्फी ली । १०२१ साल का अंतिम दिन और अंतिम पहर बीत रहा था । विदाई के वक्त मैं गले लगते वक्त भावुक हो गया, लेकिन उनलोगों को यह बात मैंने पता नहीं चलने दी । चूंकि,एक जनवरी को मेरी ट्रेन थी,वापसी के लिए। मैंने यह सोच लिया था कि सीधे कल स्टेशन के लिए ही रवाना हो जाऊंगा, यहां नहीं आऊंगा । चूंकि, यहां से जाने में भावनात्मक पीड़ा होगी। चूंकि एक जनवरी को पुरस्कार वितरण होता है। लेकिन, विधाता को कुछ और ही मंजूर था। पिताजी उसी रात में बोले कि वागर्थ लाने के लिए, जोकि कोलकाता से प्रकाशित होती है। संपादक वर्तमान में डॉ शंभूनाथ सर ही कर रहे हैं। मैंने रूपेश भैया को फ़ोन किया तो उन्होंने कहा कि कल यही से आपको मिल जाएगी। अब ,तो वहां जाना ही था । वहां गया तो बाल कलाकारों की अनुपम प्रस्तुति देखकर मन आह्लादित हो उठा । वहां से न जाने की भावनाएं प्रबल होने लगी। पिताजी का फोन आया,कि स्टेशन पर चले जाने के लिए। मेरे साथ उस वक्त जितेश चौबे जी थे । उन्होंने कहा कि मैं आपको बस पकड़ा दूंगा जो स्टेशन जाती है। मैं बस में चढ़ते वक्त उनको टाटा का इशारा किया,भरे मन से। उस पूरी रात मैंने ना ही कुछ खाया और पिया । याद आती रही मुझे वो स्त्रियां,जिनकी स्वच्छंदता को मैंने पहली बार देखा । वह पुरूषों को मात दे रही थी। वहां की स्त्रियों के बारे में मैंने कुछ सोचा जो यहां लिख रहा हूं कि "कुंठाओं की तृप्ति" की अनुभूति को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है। इससे ज्यादा खोलकर मैं और नहीं लिख सकता। वहां की स्त्रियों के व्यवहार को देखकर मुझे पुरुषत्व पर हीनता का बोध होने लगा । मैं थोड़ा थका हुआ था सो मैं कोच बर्थ पर ऐसे ही सो गया। उठा तो ट्रेन समस्तीपुर आ चुकी थी। नया साल बीत चुका था। सकरी जंक्शन पर उतरने के साथ ही मैंने महसूस किया कि ठंड में बादल आसमान को ढक चुका था और शायद वो मेरी भावनाओं के साथ बरसने को बेताब था ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें