नवागंतुक - समारोह (2023)
कुछ चेहरों की नाराज़गी से दर्पण नहीं मरा करता है।--नीरज।
विगत पांच वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हिंदी विभाग (ल०ना०मि०वि०) में 29 मई को आयोजित नवागंतुक - समारोह (फ्रेशर पार्टी) पर "गोपालदास नीरज" की यह पंक्ति सटीक बैठती है।
कभी तिथि की खींचतान तो कभी व्यक्तिगत मतभेद और मनभेद के बीच आखिरकार सत्र (2021-23) के सहयोगी छात्र-छात्राओं ने नवागंतुक - समारोह की परंपरा का पुनः आरंभ और सफलतापूर्वक संपन्न किया ।
वास्तव में सच लिखना ज़रूरी है, ताकि लोग यथार्थ से परिचित हो सके ।
सत्र (2021-23) के अधिकांश छात्र-छात्राएं इस समारोह के पक्ष में रहे । विपक्ष में जो थे ,उनकी संख्या नगण्य थी । दरअसल, हिंदी विभाग (ल०ना०मि०वि०)
विगत कुछ वर्षों से विवादों से ग्रसित रहा है। ऐसे में यहां फ्रेशर पार्टी और फेयरवेल का आयोजन कुछ वर्षों से बंद था । शायद , इच्छाशक्ति की कमी थी छात्रों में । जब, पिछले महीने हिंदी विभाग के द्वारा अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी हुई , उसने मुझ पर प्रभाव डाला कि ऐसे पहल से घनिष्ठता बनी रहती है। बस , वहीं से इस समारोह के विचार का बीजारोपण हुआ । मैंने अपने ही बैच के प्रियांशु जी से इस बारे में बारे में बातचीत की, जिससे वो सहमत भी हो गए।
हालांकि, मेरी इच्छा फेयरवेल देने की भी थी, लेकिन, जब यह मैंने अपने बैच के सामने रखी,तो अधिकांश सहपाठी इससे सहमत नहीं हुए, उनका तर्क सही भी था ,जो यहां लिखना उचित नहीं होगा, क्योंकि, सीनियर को पढ़कर तकलीफ हो सकती है।
तिथि पहले 25 मई को तय हुई,सबकी सहमति के बगैर। फिर, विचार विमर्श के बाद 29 मई को तय की गई। इस तिथि को तय करने में हमारे ही विभाग के माननीय प्रोफेसर डॉ० आनंद सर का बहुत बड़ा योगदान रहा। सर नहीं दखल देते तो शायद यह कार्यक्रम नहीं हो पाता। इसके लिए हम सभी छात्र-छात्राएं सर के ऋणी हैं।
आखिरकार, सबको 29 मई की सूचना दी गई। उम्मीद थी कि कम - से - कम वो लोग आएं, जिन्होंने आर्थिक सहयोग किया है इस समारोह में, लेकिन, उम्मीदें तब धाराशाई हो गई,जब हमारे बैच की सिर्फ चार लड़कियां इस कार्यक्रम में आयीं। यहां यह बताना जरूरी है कि आर्थिक सहयोग करने वालों में लड़कियों की संख्या अधिक थी। सबको बकायदा व्यक्तिगत मैसेज और फोन किया गया, लेकिन, निजी व्यस्तता के कारण अधिकांश सहपाठी नहीं आ पाए ।
टूटे मन से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मुझे लगा कि जो लोग चाहते थे कि यह समारोह अच्छा नहीं हो ,वो कामयाब हो गए,गलत इरादों के साथ। लेकिन, विधाता ने कुछ और ही तय करके रखा हुआ था ।
यहां यह बताना जरूरी है कि नये बैच (2022-24) के छात्र एवं छात्राओं की उपस्थिति देखकर मन गदगद हो गया।
कार्यक्रम दो सत्रों में चला । समय की सीमितता थी ।
पीएचडी वर्ककोर्स के कारण सिर्फ दो घंटे का समय मिला। पहले सत्र में विभागाध्यक्ष, आचार्यगुरु, आनंद सर, मंजरी मैम तथा अनुराधा प्रसाद ने अपने वक्तव्य से छात्रों को संबोधित किया। अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद विद्यार्थियों को प्रदान किए । पहले सत्र में आरंभ के कुछ क्षणों तक दर्शन सुधाकर ने मंच-संचालन का जिम्मा उठाया और फिर उसके बाद उन्होंने यह कार्यभार मुझे सौंप दिया। इसी सत्र में हमारे सीनियर बैच ((2020-22) के छात्र दीपक भैया और हितेंद्र भैया ने अपना स्मृति - वक्तव्य दिया।
इसके बाद प्रथम सेमेस्टर की छात्रा शांति कुमारी ने अपने परिचय के साथ "शिक्षा" पर एक बेहतरीन भाषण दिया। फिर, प्रथम सेमेस्टर के ही छात्र दीपक कुमार ने परिचय के साथ दिनकर की " रश्मिरथी " का पाठ करके समां बांध दिया। सबों को आभार । हिमांशु कुमार बोलने वाले थे , लेकिन, समय की सीमितता थी।
मेरे टूटे हुए मन को तब तसल्ली हुई,जब सभी प्रोफेसरों ने इस कार्यक्रम के लिए हमारे बैच की सराहना की । सब ने यह बात सामान्य रूप से कही कि हमारे बैच के सहयोगी छात्र-छात्रा इसके लिए बधाई के पात्र हैं और यह परंपरा चलती रहनी चाहिए।
बस,तभी मुझे लगा कि यह समारोह मेरी उम्मीदों से कहीं अधिक अच्छा रहा । और चाहिए ही क्या!
दूसरे सत्र में हमारे विभाग के वरीय और कनीय शोधप्रज्ञों का आगमन बतौर वक्ता इस समारोह में हुआ, ज़ोरदार तालियों के साथ। कृष्णा अनुराग भैया, अभिषेक सिन्हा भैया और सियाराम भैया ने अपना अनुभव साझा किया और एक मार्गदर्शक के तौर पर हम सभी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया और समारोह आयोजित करने के लिए हम सभी को धन्यवाद दिया । इसी सत्र में तृतीय सेमेस्टर के छात्र दर्शन सुधाकर ने कॉमेंट्री से मौजूद दर्शकों और श्रोताओं का मनोरंजन किया।
अंत में धन्यवाद - ज्ञापन दर्शन सुधाकर ने किया। नाश्ता - वितरण के साथ यह समारोह सम्पूर्ण हुआ ।
इस समारोह से कुछ चीजें सीखने को मिली जो यह है कि एकता में सचमुच बल होता है। इच्छाशक्ति ही सबसे बड़ी शक्ति है मानव की । समस्या से ज्यादा समाधान पर बात करनी जरूरी है। विघ्न डालने वाले को कभी समिति में शामिल नहीं करना चाहिए।
मेरी उत्सुकता को देखकर प्रथम छमाही के छात्र दीपक जी ने व्यक्तिगत तौर पर कहा है कि भैया,हमलोग किसी भी साहित्यकार की जयंती और पुण्यतिथि आपस में मनाएंगे, जिससे हम सबों को उनके बारे में मौलिक बातें पता चले । मुझे यह सुझाव बहुत पसंद आया है। इसकी शुरुआत होगी , जुलाई से । बतौर एक साहित्यिक समूह के अंतर्गत।
पुनः सबों को आभार ❤️🙏
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें