नरगौना
प्रिय नरगौना ,
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय,दरभंगा
दो बजकर तीस मिनट हो रहे हैं,दोपहर के । रविवार (पूर्णिमा) का दिन है। माघ (फरवरी)का महीना है। मैं तुम्हारे प्रांगण में हिंदी विभाग के ठीक सामने धूप में "हरी घास पर क्षण भर" के लिए बैठा हूॅं,यह सोच कर कि आज तुम्हारे बारे में, तुम से कुछ बात कहनी है।
अक्सर, मैं तुम तक "देर" से आता हूं और "देर" तक रहता हूॅं।तो, एक पत्र तुम्हारे नाम।
तुम ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की "आत्मा" हो और पूरा विश्वविद्यालय तुम्हारा शरीर। तुम विश्वविद्यालय की "आत्मा" इस मायने में हो कि तुम्हारे अंदर ही विश्वविद्यालय के "परमेश्वर" का निवास-स्थान है। तुम "आत्मा" हो शायद,यही कारण है कि तुम्हारा रंग श्वेत है । श्वेत रंग मानवीय - संस्कृति में निश्छलता का ,सादगी का और सकारात्मकता का प्रतीक है।
तुम एक प्रांगण का भी नाम हो और एक पूरे भवन का भी। तुम्हारे भवन में पूरा विभाग "कला" का ही है , जिसमें हिंदी विभाग भी है, जहां मेरे जैसे तुम्हारे अनेक दीवाने पढ़ते हैं। दीवाने इस मायने में कि तुम्हारे पास आने के लिए अनेक युवा - युवती जो अध्ययनरत् नहीं हैं ,वो प्रयास करते हैं, लेकिन तुम्हारे द्वारपाल उन्हें आने नहीं देते,"परमेश्वर" का आदेश जो है ।
वो आना चाहते हैं यहां क्योंकि,तुम उन्हें एकांत और शांति प्रदान करते हो । हिंदी साहित्य के "प्रपितामह "
आचार्य रामचंद्र शुक्ल ने ठीक ही कहा था कि "प्रेम एकांत खोजता है। "
तुम्हारे अंदर जगह-जगह पर संस्कृत की प्रेरक सूक्ति लिखी हुई है,जो प्रेरित भी करती है। अनेक फलदार वृक्ष,सरोवर, पक्षियों की कलरवता ने तुमको अभी तक प्रकृतिमय बना रखा है। तुम्हारे प्रांगण में एक "आयोजन-घर " भी है,जिसका नाम जुबली-हॉल है।
तुम्हारे बारे में अनेक भ्रांतियां फैली हुई हैं। तुम राजा के सिर्फ विलास के प्रसिद्ध हो , किंवदंतियों में।
कहा जाता रहा है कि तुम स्पंज पर टिके हो और पहला भूकंप-रोधी भवन भी हो।
तुम विवादास्पद के साथ विस्मयकारी भी हो । लेकिन, मेरे ही गांव के एक बड़े भैया ने मुझे यह बताया कि ,"एक बार वैद्यनाथ मिश्र"यात्री" उर्फ नागार्जुन ने तुम्हारा भ्रमण करने के बाद यह कहा था कि तुम शिक्षा का हब भी बन सकते हो और तुम बन भी गए। ढेरों शुभकामनाएं, लेकिन तुम्हारे शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर उपहास ,संशय की स्थिति बन चुकी है। बस,इसी पर मेरा यह पत्र आधारित है।
मैं तुम्हें बहुत महत्वपूर्ण मानता हूं अपने जीवन में, इसीलिए तुम्हें यह पत्र लिख रहा हूं। तुमने ही मुझे दिशा दिखाई। बात उन दिनों की है ,जब तुम्हारे प्रांगण में पत्रकारिता का सर्टिफिकेट कोर्स शुरू हुआ।
बारहवीं में ही एक असफल छात्र का ठप्पा लगवाकर मैंने "साइंसपूर्ण "और" साइंसयुक्त " सोसाइटी (समाज) में हिंदी(arts) विषय चयन कर दरभंगा आ चुका था।
पिताजी ने मुझे पत्रकारिता कोर्स में एडमिशन के लिए कहा । मुझे अजीब लगा कि हिंदी का छात्र पत्रकारिता क्यों करेगा । चूंकि,साइंस से मैं कला में आया था तो पता ही नहीं था कि पत्रकारिता और कुछ ही नहीं साहित्य का ही एक प्रमुख अंग है। उसका आविर्भाव साहित्य के ही गर्भ से हुआ है।
लेकिन, कुछ और विकल्प था भी नहीं, क्योंकि, बारहवीं के कम अंक ने मुझे एक निराशा भरे क्षणों की ओर धकेल दिया था । इसके अनेक कारण हैं पारिवारिक और सामाजिक। लेकिन, मैं यह पत्र तुम्हें लिख रहा हूं इसीलिए इस सबका उल्लेख उचित नहीं।
वर्ष २०१८ स्नातक में दाखिला के बाद मैंने यहां नामांकन करवाया और रोज वर्ग करने आने लगा ।उस समय विभागाध्यक्ष "आचार्यगुरु" थे । बस इसी छः महीने ने मुझमें एक सकारात्मक ऊर्जा प्रदान की ।
डॉ० प्रीतम मिश्र और कृष्णानंद प्रतिहस्त सर के वर्गों में पत्रकारिता से लेकर राजनीति सबकुछ पर एक अच्छी बहस होती थी । सहपाठी भी अच्छे मिले उस बैच में। शीर्षक बनाने जैसे मौलिक कार्य और किसी एक विषय पर साप्ताहिक व्याख्यान ने मुझे सृजनशीलता के लिए प्रेरित किया । बोलने के दौरान मेरी हिचकिचाहट दूर हुई ।
तो, तुम्हारे यहां ही मुझमें एक सकारात्मक बदलाव आया । मैं तुम्हें महत्वपूर्ण ना मानूं तो किसे मानूं। मैं और किसी की बात तो नहीं करूंगा केवल, हिंदी विभाग की बात करूं तो मैं यह पाता हूॅं कि सच में तुमने बहुतों को दिशा दिखाई है ,भले ही लोग उसका श्रेय तुम्हें दे या ना दें ।
अब, मैं तुम्हारे प्रांगण में ही पीजी की पढ़ाई कर रहा हूं। और तुम्हारी दशा देखकर एक बात तुमसे कहना चाहता हूं कि तुम्हारी "काया" की "दशा" उन लोगों ने अत्यंत दयनीय बना दी है,जिसे तुमने ही "दिशा" दिखलाई।
तुम्हारे श्वेत रंग पर जो "काली कजरी" जमी हुई है ,वो मेरे इस बात का प्रमाण है। तुम्हारा सौंदर्य अब भी इससे फीका नहीं पड़ा है, लेकिन, प्रभावित जरूर हुआ है।
पिछले कुछ सालों में तुम्हारे प्रांगण का ही एक विभाग "हिंदी" विवादों में रहा । वहां प्रोफेसरों को ही लेकर छात्रों में विवाद होना, जैसा अत्यंत निंदनीय कृत्य हुआ ।
रविवार को तुम्हारे यहां विशेष रूप से अनेक छात्र आते हैं पढ़ाई करने ,जो तुम्हारी महत्ता को दर्शाता है।
तुम होगे दूसरों के लिए "नरगौना पैलेस" , मेरे लिए तुम धरोहर हो । ईश्वर ने कभी अवसर दिया तो मैं तुम्हारे प्रांगण को भव्य अवश्य बनाऊंगा।
मैं तुमसे एक बेहद जरूरी और जज्बाती बात छिपा रहा हूं, क्यूंकि अभी यह वक्त सही नहीं है।
तुम्हारा हितैषी,
श्रेयांश शिवम्
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें