खतरे में कौन है! (कविता)
खतरे में
नहीं है हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान
और ना ही
लोकतंत्र और संविधान
खतरे में है
वो लिपि और उससे संबंधित
वो बोली और भाषा
जिसे लोग लिखने और बोलने में
करते हैं संकोच
स्वयं को अभिजात दिखाने के फेर में
खतरे में है
वो सभ्यता और संस्कृति
जिसके अनुयायी पूरे विश्व में
हो चुके हैं अल्पसंख्यक
बढ़ती सांप्रदायिकता और
घटती सहिष्णुता के कारण
खतरे में है
वो राष्ट्र
जिसके नागरिक
वर्चस्व के युद्ध की विभीषिका के कारण
बन चुके हैं शरणार्थी
खतरे में है
हर वो प्राणी और प्राकृतिक तत्व
जिसे उसके ही मूल स्थान पर
बना दिया गया है दोयम दर्जे का
दरअसल,
खतरे में केवल वह ही नहीं है
जिसे लोग देखना नहीं चाहते
खतरे में वह भी है
जिसे लोग देखकर भी
कर देते हैं अनदेखी
२.वर्ग
उच्च वर्ग
करता है सुविधाओं का भोग ।
निम्न वर्ग
उठाता है योजनाओं का लाभ ।
लेकिन, है एक ऐसा वर्ग भी
जो ना तो करता है सुविधाओं का भोग ।
ना ही उठाता है योजनाओं का लाभ ।।
वह इसलिए कि
वो सुविधाएं प्रदान करता है
अधिकारी बनकर।
और योजनाओं को करता है
संचालित
कर्मचारी बनकर।।
अपनी कर्मठता के सहारे
पूरी व्यवस्था का संचालन करने वाले
इस वर्ग को हम जानते हैं
मध्यम वर्ग के नाम से ।।
👌👌
जवाब देंहटाएंधन्यवाद ❤️
हटाएं