हिंदी - साहित्य के नाम पत्र

 प्रिय हिंदी साहित्य,


आज पहली बार मैं तुम्हारे नाम कोई पत्र लिख रहा हूं। इस पत्र के माध्यम से मैं तुम्हें बता रहा हूं अपनी पीड़ा,अपना हर्ष,अपनी संवेदनाएं,अपनी खीझ,अपनी झुंझलाहट। मुझे उम्मीद है कि तुम इसे भी कर लोगे समाहित अपने भीतर, आखिर,सहित होने का भाव जो साहित्य है। (सहित्यस्य भाव: साहित्यं)

जब-जब मैं गौर करता हूं तुम्हारी यात्रा पर,तो मिलती है मुझे प्रेरणा। तुम पहले थे मनोरंजन का माध्यम। तुम पहले घिरे रहे स्त्रियों के शरीर से, व्यक्तित्व से नहीं। राजाओं के गुणगान से , कला पक्ष से,भाव पक्ष से नहीं। तुम पहले करते थे निवास राजमहलों में, तुम्हारे साधक(साहित्यकार) भी ।
तुम्हारा संबंध रहा है वस्तुत: हृदय से। तुम्हारा आरंभ  भी भावनाओं से होता है और अंत भी । यही कारण है कि तुम्हारे भीतर हुआ परिवर्तन जब , तुम्हारे साधक की भावनाएं बदलीं । तुम हुए मुक्त,राजमहलों से, प्रशस्ति गायन से, स्त्रियों के नख-शिख वर्णन से , लोभ से , कला पक्ष से । 
लेकिन,जब तुम जुड़े जनता और समाज से , सत्ता हो गई तुम्हारी दुश्मन। तुम्हारे साधकों को दी जाने लगी यातनाएं। तुम्हें जलाया जाने लगा, तुम्हें कल्पित मानकर अपमान किया जाने लगा। क्योंकि, तुममें आ  चुकी थी संकीर्णता से समग्रता, विशेषता से बहुज्ञता ।

तुम बहुत विवादित रहे हो अब तक। तुम्हारे साधक के बारे में किंवदंती तो कूट-कूट कर भरा गया है तुममें या भरा है तुममें। कबीर,सूर जैसे तुम्हारे साधक अभी भी किंवदंती और विवादों के घेरे में हैं। तुम्हारी न जाने कितनी रचनाओं के बारे में विवाद है। 
तुम एक भाषिक दस्तावेज हो । जिस में भाषा सदैव परिमार्जित होती है, परिवर्तित होती है। 

लेकिन, मैं जो मूलतः तुमसे अपनी आत्मकथन कहना चाहता हूं,वो,ये है कि मैं तुम्हारा पाठक नहीं,साधक हूॅं। पाठक तुम्हारा पाठ (पढ़ना) करता है, क्योंकि,उस पाठ के बदले उसे नंबर और नौकरी मिलती है। 
लेकिन, मैं तुमको साध कर जब - जब करता हूॅं अभिव्यक्त,तो बदले में मुझे मिलती है कुछ आत्मसंतुष्टि (स्वांत:सुखाय),कुछ तारीफें और सबसे ज्यादा जो मिलती है वो है ईर्ष्या। इसी कारण, तुम्हारे साधक चले गए फटेहाली और कम उम्र की अवस्था में। प्रेमचंद ने 56 वर्ष,तो भारतेन्दु 35, जयशंकर प्रसाद 47,तो मोहन राकेश 47 जैसे और बहुतों ने तुम्हारा साथ बहुत कम उम्र में ही छोड़ दिया। जरा सोचना कि आखिर ऐसा क्यों हुआ?ग़र जवाब ना मिले तो कहना अपने पाठकों से कि तलाशें वो इसका उत्तर अपने - अपने मोटे - मोटे पोथांगों में,अपनी संकीर्ण बुद्धि के साथ।

मैंने पाया है कि तुम्हारे साधक ज्यादा पढ़े - लिखे नहीं हैं। कबीर ने तो कह ही दिया है कि "मसि कागद छुयो नहीं,कलम गहो नहीं हाथ" । तुलसी,सूर, जायसी, भारतेन्दु, जयशंकर प्रसाद, महादेवी वर्मा,निराला ,पंत नागार्जुन किसी ने भी अकादमिक डिग्री उच्च स्तर की हासिल नहीं की । शायद, इसलिए क्योंकि वो तब " "साधक "नहीं हो पाते, तुम्हारे। 
वैसे, साधक और पाठक तो अपूर्ण है एक- दूसरे के बिना। जैसे चंदन और पानी । लेकिन, साधक उस सुगंधयुक्त, रंगयुक्त चंदन के समान है जिसमें अगर पानी ना मिले तो वह अनुपयोगी है , लेकिन, पानी का क्या वह तो रंगहीन,गंधहीन है। वह जिस के साथ मिलता है उसका स्वभाव वैसा ही हो जाता है। 
इसीलिए,जब पाठक(पानी) का मिलन जब साधक(चंदन) के साथ होता है तो वह उपयोगी और सार्थक हो जाता है। लेकिन, इसके लिए ज़रूरी यह है कि पानी विषैला और गंदला नहीं हो ।
मूलतः लेकिन,इन दिनों मैं तुम्हारा पाठक बन चुका हूं।
साधक से पाठक बनना भी एक साहित्यिक सफर रहा है । यह दौर भी याद रहेगा । बहुत कारण है इसके पीछे । व्यक्तिगत भी है, सामाजिक भी और पारिवारिक भी । वैसे देखा जाए तो यह सही भी है। साधक की साधना साहित्य में लंबे अरसे बाद "सिद्ध" के पात्र होती है। लेकिन,पाठक बहुत जल्द ही सिद्धावस्था को प्राप्त कर लेते हैं ,जो उत्तम तो है लेकिन, श्रेष्ठ नहीं। लोग आजकल श्रेष्ठ इसीलिए नहीं हो पा रहे हैं क्योंकि,उनकी कामना ही उत्तम होने की है। 
बहुत द्वंद्व इन दिनों भीतर चल रहे हैं । विवाह या वैराग्य, नौकरी या स्वतंत्र पेशा , लेकिन मुझे विश्वास है कि आने वाले समय में तुमको और गहराई से जानने के दौरान यह सब द्वंद्व भी मिट जाएगा। क्योंकि, तुमने मुझ जैसे छात्र , जिसे स्कूल से लेकर घर तक सब एक औसत दर्जे का छात्र समझते रहे ,को अवसर दिया स्वयं को साबित करने के लिए।
मैं जानता हूं तुम अब सिमट गये हो सिर्फ फिल्मी गीतों में, चुनिंदा मंचों के खूबसूरत और बिकाऊ चेहरों में , एक खास विचारधारा से ग्रसित पत्रिकाओं में और साप्ताहिक पत्रों के किसी एक दिन के पन्नों में।
इक्कीसवीं सदी में तुम्हारी यह गति मुझसे देखी नहीं जाती । यह तो होना ही था तुम्हारे साथ। क्योंकि, साहित्य में "साधक"(हृदय) से ज्यादा "पाठक" (बुद्धि) की जो प्रधानता हो गई है। वैसे, तुम रचे जा रहे हो अब भी पहले से ज्यादा, लेकिन,हृदय से नहीं बुद्धि से । इसीलिए,लोग अब ऊबने लगे हैं तुमसे । तुम्हारे साधक की कद्र अब सिर्फ साहित्य-प्रेमी ही करते हैं । 
तुमने बहुत को रोजगार दिया और अब भी दे रहे हो । तुम्हारे बारे में पढ़ सभी रहे हैं, लेकिन, तुम्हें खबर कोई नहीं कर रहा है। तुम्हारा मूल्यांकन अब भी "नोबेल पुरस्कार" और " साहित्य अकादमी" से होता रहा है। जबकि,मानस , पद्मावत,कबीर वचनावली को कोई भी पुरस्कार नहीं प्राप्त है अब तक । 

प्रिय हिंदी साहित्य ,

मैं तुम्हें यह खबर कर रहा हूं कि तुम अब हो चुके हो बेहद लोकप्रिय। तुम्हारी लोकप्रियता में साधक और पाठक , आलोचक बराबर के हिस्सेदार हैं, लेकिन तुम्हारी समृद्धता में सिर्फ साधक का योगदान है।

यह पहला ख़त है मेरा तुम्हारे नाम । पाठक तुम्हारे इसका प्रत्युत्तर देंगे या नहीं पता नहीं। लेकिन, मैं तुम्हें लिखता रहूंगा पत्र ,जब कभी होगी झुंझलाहट तो ।

तुम्हारा साधक,
श्रेयांश शिवम् ।
 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

लिपि भाषा की आत्मा होती है।‌।

भिखमंगे की जात

खतरे में कौन है! (कविता)