राम की शक्ति-पूजा (आलेख)
राम की शक्ति-पूजा(मौलिक लेख)
निराला द्वारा रचित राम की शक्ति-पूजा मूलतः छायावाद या यों कह लें पूरे हिंदी साहित्य का शक्ति-काव्य है ।
यहां शक्ति का क्या अर्थ है?राम को कौन-सी शक्ति चाहिए? शारीरिक या मानसिक?
राम के पास विशाल सेना है। एक से बढ़कर एक योद्धा हैं। यह बात तय है कि उनको शारीरिक शक्ति नहीं चाहिए ।
यहां पर राम "मानसिक शक्ति" के लिए संघर्षरत् हैं और अधिकांश पंक्तियों से यह बात सामने आती है।
जैसे:-"स्थिर राघवेन्द्र को हिला रहा फिर-फिर संशय
रह-रह उठता जग जीवन में रावण जय भय ।।"
यहां"संशय " मानसिक रूप से कमजोर होने का लक्षण है ।
"कल लड़ने को हो रहा विकल वह बार-बार ।
असमर्थ मानता मन उद्यत हो हार-हार ।।"
कल युद्ध में लड़ने को वो व्याकुल हो रहे हैं। उनको "संशय" है कि कल युद्ध में वो हार ना जाएं ।।
यह "संशय" तभी उत्पन्न होता है जब हममें दृढ़- विश्वास की कमी होती है। और विश्वास की कमी तब होती है,जब परिस्थितियां हमारे प्रतिकूल हों ।
राम को परिस्थितियां तब प्रतिकूल लगती जब वो यह कहते हैं कि
"यह नहीं रहा नर-वानर का राक्षस से रण ।
उतरी पा महाशक्ति रावण से आमंत्रण ।।
"अन्याय जिधर , हैं उधर शक्ति " ।।
निराला कलियुग की सच्चाई को लिख रहे थे लेकिन,अगर यह लिखा जाए कि
"अन्याय उधर ,हैं जिधर शक्ति " ।।
राम के दल के हर योद्धा जान रहे थे कि बाहुबल में रावण को हराना मुश्किल है, असंभव नहीं।
तभी तो , यहां जाम्बवंत कहते हैं कि
"आराधन का दो दृढ़ आराधन से उत्तर ।
रावण अशुद्ध होकर भी यदि कर सका त्रस्त।
तो निश्चय तुम हो सिद्ध करोगे उसे ध्वस्त।।"
और एक बेहद प्रचलित पंक्ति जो प्रायः कही जाती है
"करो शक्ति की मौलिक कल्पना,करो पूजन ।
छोड़ दो समर जब तक न सिद्ध हो ,रघुनंदन।।"
यहां" आराधना" करना राम का साधारण अर्थ में लिया जाता है,लेकिन, यह साधारण नहीं है।
आराधना(उपासना, साधना) वहीं कर सकता है जो साधक हैं । अब,राम का "भगवान्" से "साधक" हो जाना थोड़ा विचित्र लग सकता है, लेकिन,ऐसा ही है ।
यही तो है निराला की "मौलिक कल्पना" । "कल्पना" मस्तिष्क (बुद्धि) से की जाती है, इसीलिए, मैंने पहले ही कहा कि राम यहां "मानसिक शक्ति" के लिए प्रयत्नशील हैं ।
अब जरा यह पंक्ति देखिए कि
"साधु,साधु,साधक धीर ,धर्म-धन-धन्य राम !"
कह, लिया भगवती ने राघव का हस्त थाम ।।
निराला के राम "साधु ,साधक,धीर" हैं । अब प्रश्न यह उठता है कि निराला के राम " साधक " ही क्यों हैं?
क्योंकि, निराला का संपूर्ण काव्य "लोकमंगल की साधनावस्था" का काव्य है ।
काव्य का मुख्य लक्ष्य लोकमंगल को माना गया है और यह लोकमंगल साधनावस्था में ही संभव है। अर्थात् जब "प्रयत्न और संघर्ष "पक्ष चल रहे होते है तब "उत्कृष्ट कोटि" के काव्य का निर्माण होता है एवं उससे "लोक" में "मंगल "का विधान होता है। "सिद्धावस्था" का काव्य भोग पक्ष को लेकर चलता है इसीलिए उसमें "लोक" उपेक्षित हो जाता है।
अब, यहां बात आती है कि मॉं दुर्गा को जब एक कमल अर्पित को शेष था ,तब वहां से स्वयं माता हॅंस कर वह फूल उठा लेती है, अप्रत्यक्ष रूप से ।तब ,वह अपनी एक ऑंख अर्पित करने के लिए तैयार हो जाते हैं। और फिर मॉं उनको दर्शन देती है।
यह परीक्षा और संघर्ष का चर्मोत्कर्ष रूप है । जिससे निराला ने यह बताने का प्रयास किया है कि जब हमारी "साधना" अपने चरम पर होती है तब हम "सिद्धि" के करीब होते हैं ।
अब, इसमें रहस्यवाद देखिए । अंडर हिल्स ने रहस्यवाद की पॉंच अवस्थाएं बताई है । जिसमें चौथे नंबर पर "आत्मसर्मपण" और पॉंचवें नंबर पर "मिलन" है ।
अब, निराला के राम का अपना नेत्र चढ़ाने के लिए तैयार होना "आत्मसर्मपण" है । और देवी मॉं दुर्गा का दर्शन "आत्मा" का "परमात्मा " से "मिलन" है ।
अब,निराला ने परंपरा को किस रूप में यहां कैसे स्थापित किया है यह देखिए ।
नवरात्रि के आठवें दिन "महागौरी" की पूजा की जाती है । मान्यता है कि "महागौरी" ने शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या की थी ।
और यहां,राम सीता की प्राप्ति के लिए कठिन साधना करते हुए दिखाई देते हैं।
यही है निराला की "मौलिक कल्पना" ।।
नौवें दिन "सिद्धिदात्री" की पूजा की जाती है।
मान्यता है कि इस दिन शास्त्रीय विधि-विधान और पूर्ण निष्ठा के साथ साधना करने वाले साधक को सभी सिद्धियों की प्राप्ति हो जाती है।
देवी-शक्ति ने आठवें दिन द्विप्रहर ,रात्रि ही फूल को विलुप्त कर दिया था यानि , नौवें दिन राम को "सिद्धि " प्राप्त हुई। दसवें दिन हमलोग विजयादशमी मनाते हैं।
हालांकि,इसका उल्लेख नहीं है,इस काव्य में।
निष्कर्षतः,हम यह कह सकते हैं कि "राम की शक्ति-पूजा" निराला की "मौलिक कल्पना" और "साधना" का काव्य है।
आप सबों को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं 🙏
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें